पटना, 22 जुलाई (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने बुधवार को कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा के शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक प्रदर्शन पर कांग्रेस ने पूरी तरह सुनियोजित तरीके से पत्थरबाजी और लाठीचार्ज कराया।
श्री हुसैन ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मलेन में कहा कि विपक्ष के नेता ने पहले प्रधानमंत्री आवास पर जाकर लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार किया और उसके बाद पटना में कांग्रेस कार्यालय को हिंसा का केंद्र बना दिया।
पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता शांतिपूर्ण ढंग से कांग्रेस कार्यालय के समक्ष लोकतांत्रिक विरोध दर्ज कराने पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं के हाथों में केवल पार्टी के झंडे थे, लेकिन कांग्रेस कार्यालय के भीतर पहले से पत्थर, लाठियां और अराजक तत्वों को जुटाकर भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला कराया गया। उन्होंने कहा कि इस हमले में बड़ी संख्या में विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता घायल हुए तथा कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
श्री हुसैन ने बताया कि भागलपुर के विधायक रोहित पांडेय, रामकृपाल यादव विधायक विनय बिहारी, भाजपा नेता अनिल कुमार सिंह, क्षेत्रीय प्रभारी नीरज कुमार, घनश्याम ठाकुर सहित अनेक नेताओं के वाहनों में तोड़फोड़ की गई। वहीं युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सहित सैकड़ों कार्यकर्ता घायल हुए। उन्होंने कहा कि मीडिया भी इस हिंसा का शिकार बना और एबीपी, एएनआई, आज तक, एनडीटीवी तथा अन्य मीडिया संस्थानों के कई पत्रकार घायल हुए, जो इस बात का प्रमाण है कि हमला पूरी तरह पूर्व नियोजित था।
