
सीहोर।कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में मानव श्रृंखला बनाकर ईडी के विरूद्ध जोरदार नारे बाजी कर राष्ट्रपति के नाम तहसील कार्यालय पहुंचकर अनुविभागीय अधिकारी तन्मय वर्मा को ज्ञापन सौंपा.
राजीव गुजराती ने ज्ञापन का वाचन करते हुए बताया कि देश के भीतर एक खतरनाक प्रवृत्ति गहराती जा रही है. केंद्र सरकार द्वारा सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को निशाना बनाकर बदले की भावना से कार्रवाई की जा रही है.उन्होंने कहा कि हाल ही में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विरुद्ध नेशनल हेराल्ड प्रकरण में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा आरोप पत्र दाखिल किया है. यह न केवल अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि स्पष्ट रूप से यह केंद्र सरकार की राजनीतिक प्रतिशोध की संकीर्ण मानसिकता का भी प्रतीक है.
इस प्रकार की कार्रवाइयों पर तत्काल निष्पक्ष और स्वतंत्र न्यायिक जांच की व्यवस्था हो, जिससे देश की जनता के बीच एजेंसियों की निष्पक्षता और लोकतंत्र की साख बची रह सके।
ज्ञापन में राष्ट्रपति से आग्रह किया है कि विपक्षी नेताओं पर ईडी की दुर्भावनापूर्ण कार्यवाही पर रोक लगाते हुए न्याय व लोकतंत्र की रक्षा करें.
