
देवास। देवास शहर से सटे पालनगर–नागदा पहाड़ी क्षेत्र में शनिवार सुबह खेत में एक तेंदुआ मृत अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। खेत पर पहुंचे ग्रामीणों ने तेंदुए को मृत देखकर तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ की।
प्रारंभिक जांच में तेंदुए की मौत खेत के आसपास लगी लोहे की जाली में फंसने से होना प्रतीत हो रही है। वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार खेत में फसल सुरक्षा के लिए तारों में झटका मशीन (करंट प्रवाहित तार) लगाए जाने की संभावना भी जताई जा रही है। आशंका है कि इसी करंटयुक्त तार की चपेट में आने से तेंदुए की मौत हुई होगी।
मौके पर मौजूद ग्रामीण मौसम पटेल ने बताया कि सुबह जब वे खेत पर पहुंचे तो तेंदुआ जाली में फंसा हुआ मृत अवस्था में मिला। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम तक खेत में ऐसी कोई स्थिति नहीं थी, जिससे यह घटना रात के समय घटित होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना ने वन्यजीव सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जंगल का राजा कहे जाने वाले तेंदुए की इस तरह मौत होना न केवल चिंता का विषय है, बल्कि खेतों में अवैध रूप से लगाए जा रहे करंटयुक्त तारों पर भी सवाल खड़े करता है।
फिलहाल वन विभाग द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच के बाद ही तेंदुए की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
