यूपी वॉरियर्ज को पांच विकेट से हराकर दिल्ली कैपिटल्स एलिमिनेटर में पहुंची

वडोदरा, (वार्ता) मैरीजान कप्प (तीन विकेट), शिनेल हेनरी और श्री चारणी (दो-दो विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद लॉरा वुलफर्ट (47), जेमिमाह रॉड्रिग्स (नाबाद 34 ) और शेफाली वर्मा (29 ) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने रविवार को महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के 20वें मुकाबले में यूपी वॉरियर्ज को आठ गेंदे शेष रहते पांच विकेट से हराकर एलिमिनेटर में जगह बना ली है।

लगातार तीन सीजन फाइनल खेलने वाली मुंबई की टीम बाहर हो चुकी है। यूपी का सफर भी हार के साथ खत्म हुआ है। दिल्ली ने एलिमिनेटर में जगह बना ली है। उनके पास लगातार चौथी बार फाइनल खेलने का मौका है।

123 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 11 रन पर अपना पहला विकेट लिजेल ली (10) के रूप में गिरा दिया। इसके बाद लॉरा वुलफर्ट और शेफाली वर्मा की जोड़ी ने 73 रन जोड़े। 13वें ओवर में दीप्ति शर्मा ने लॉरा वुलफर्ट को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। लॉरा वुलफर्ट ने 36 गेंदों में सात चौकों की मदद से 47 रन बनाये। 15वें ओवर में शिखा पांड़े ने शेफाली वर्मा (29) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। दिल्ली कैपिटल्स ने 18.4 ओवरों पांच विकेट पर 126 रन बनाकर पांच विकेट से मुकाबला जीत लिया। जेमिमाह रॉड्रिग्स ने 18 गेंदों में पांच चौके लगाते हुए नाबाद 34 रनों की पारी खेली। इस जीत के साथ दिल्ली एलिमिनेटर में पहुंच गई है।

यूपी वॉरियर्ज के लिए दीप्ति शर्मा को दो विकेट मिले। शिखा पांडे, डिएंड्रा डॉटिन और सोफी एकल्सटन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

आज यहां इससे पहले शिखा पांडे (नाबाद 23), दीप्ति शर्मा( 24) और सिमरन शेख (22) की आतिशी बल्लेबाजों के दम पर यूपी वॉरियर्ज ने दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए 123 रनों का लक्ष्य दिया। दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी यूपी वॉरियर्ज की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने मैच की पहली ही गेंद पर कप्तान मेग लानिंग (शून्य) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद चार्ली नॉट और दीप्ति शर्मा ने दूसरे विकेट लिए 29 रन जोड़े। चार्ली नॉट (12) और दीप्ति शर्मा 19 गेंदों में (24) रन बनाकर आउट हुई। दोनों ही बल्लेबाजों को मैरीजान कप्प ने आउट किया। इसके अलावा सिमरन शेख ने 14 गेंदों में 22 रन बनाये। दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजी आक्रमण के आगे यूपी के बल्लेबाज खुल कर नहीं खेल सके और लगातार अपने विकेट गंवाते रहे। यूपी वॉरियर्ज ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 122 रन का स्कोर बनाया। शिखा पांडे ने 13 गेंदों में तीन चौके लगाते हुए नाबाद 23 रनों की पारी खेली।

दिल्ली कैपिटल्स के लिए मैरीजान कप्प ने तीन विकेट लिये। शिनेल हेनरी और श्री चारणी को दो-दो विकेट मिले। मिन्नू मनी ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

Next Post

साइबर ठग ने खाते से उड़ाए 3.51 लाख

Mon Feb 2 , 2026
जबलपुर: माढ़ोताल थाना कटंगी वायपास नक्षत्र नगर निवासी युवक के खाते से साइबर ठग ने 3 लाख 51 हजार 965 रूपये उड़ा लिए।पुलिस ने बताया कि रत्नेश कुमार 48 वर्ष निवासी कटंगी वायपास नक्षत्र नगर ने लिखित शिकायत की कि वह इंडियन काफी हाउस में कार्य करता है। उसके मोबाइल […]

You May Like