नयी दिल्ली: केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने असम के सिलचर में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के एक वरिष्ठ खंड अभियंता को ठेकेदार से कथित तौर पर रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।सीबीआई ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी अधिकारी कुंतल चौधरी ने शिकायतकर्ता द्वारा पहले से पूर्ण किए जा चुके कार्य के लगभग 20 लाख रुपये के लंबित बिल को पास करने के बदले कथित तौर पर एक प्रतिशत रिश्वत की मांग की थी।
ठेकेदार ने बिल पास कराने के लिए 12 जून को अभियंता से संपर्क किया था, जिसके बाद आरोपी ने भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए कथित रूप से अवैध रकम की मांग की।शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने शनिवार को मामला दर्ज किया और जाल बिछाया। आरोपी को शिकायतकर्ता से 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।इस मामले में जांच जारी है और आरोपी अधिकारी के आवासीय परिसरों की तलाशी ली जा रही है
