IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ नहीं खेलेगा पाकिस्तान

पाकिस्तान सरकार ने बड़ा ऐलान करते हुए भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मुकाबला नहीं खेलने का फैसला किया है। कुल मिलाकर इस खबर के सामने आने के बाद क्रिकेट जगत का बाजार गर्म हो गया है।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होना है और इस मेगा टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा चर्चा भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर थी। दोनों टीमों के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में मैच खेला जाना तय था, लेकिन इससे पहले पाकिस्तान सरकार ने चौंकाने वाला फैसला ले लिया। पाकिस्तान ने अपनी टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने की मंजूरी तो दे दी है, लेकिन भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार करने का ऐलान किया है।

पाकिस्तान सरकार ने इस फैसले की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए दी। सरकार ने बयान में कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलेगी, लेकिन 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में मैदान पर नहीं उतरेगी। इस फैसले का सीधा फायदा भारतीय टीम को मिलेगा, क्योंकि पाकिस्तान के मैच नहीं खेलने की स्थिति में भारत को बिना खेले ही पूरे दो अंक मिल जाएंगे। इससे टीम इंडिया की सुपर-8 में पहुंचने की राह काफी आसान हो सकती है।

पहले से विवादों में घिरा टी20 वर्ल्ड कप 2026

गौरतलब है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 पहले से ही विवादों में घिरा हुआ है। पिछले महीने जब बीसीसीआई के कहने पर केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को अपने स्क्वॉड से रिलीज किया था, तब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड काफी नाराज नजर आया। इसके बाद बांग्लादेश बोर्ड ने अपनी टीम को भारत भेजने से इनकार कर दिया और मांग रखी कि उसके मैच श्रीलंका में कराए जाएं। हालांकि, आईसीसी ने इस मांग को स्वीकार नहीं किया, जिसके बाद बांग्लादेश ने वर्ल्ड कप के बहिष्कार का फैसला लिया।

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड बांग्लादेश के समर्थन में खड़ा दिखाई दिया। पाकिस्तान ने बांग्लादेश के मैच श्रीलंका में कराए जाने की मांग का भी समर्थन किया था। अब पाकिस्तान सरकार के भारत के खिलाफ मैच न खेलने के फैसले से यह टूर्नामेंट एक बार फिर विवादों में आ गया है।

 

Next Post

केरल पर्यटन को वैश्विक मॉडल बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार-विजयन

Mon Feb 2 , 2026
कोच्चि, 02 फरवरी (वार्ता) केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा है कि प्रदेश पर्यटन विकास में खुद को वैश्विक मॉडल बनाने के लिए एक बड़ी कार्ययोजना बनाने के लिए तैयार है, जो समावेशिता , सुलभता और सतत विकास पर आधारित होगी। श्री विजयन ने केरल पर्यटन और द हिंदू […]

You May Like