
जबलपुर। घमापुर थाना अंतर्गत कांचघर में 31 मार्च को हुए गोली कांड में नया मोड़ आ गया है। दूसरे पक्ष ने फायर किया था। सीसीटीवी फुटेज खंगालने और जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने मामले में काउंटर केस दर्ज
कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चांदमारी दुर्गा मंदिर के पास रहने वाला 23 वर्षीय यश थोराट निजी काम करता है। 31 मार्च रात करीब 9:15 बजे यश अपने साथी बिन्नू उर्फ निखिल श्रीवास और चीकू उर्फ सौम्य सिंह के साथ मयूर कला मंदिर स्थित अपना स्वीट्स के पास खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। तभी कांचघर की ओर से हरे रंग की एक्सिस स्कूटी पर सवार होकर दो युवक बाबू उर्फ कृष्णा हासवानी और निखिल उर्फ कंजा सिंधी वहां पहुंचे। स्कूटी निखिल चला रहा था और बाबू पीछे बैठा था। यश को देखते ही पुरानी रंजिश के चलते बाबू ने कमर से पिस्टल निकाली और जान से मारने की नीयत से उस पर फायर किया था। पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। जिसके बाद यह बात सामने आई कि दूसरे पक्ष से भी फायर किया था। जांच में यह पता चला कि लकी यादव 28 वर्षीय निवासी छोटी ओमती उड़िया मोहल्ला का 31 मार्च को मयूरकला मंदिर के पास अपना स्वीट्स के पास खड़ा होकर आइसक्रीम खा रहा था। उसी दौरान उसके साथी निखिल कंजा और बाबू सिंधी वहां पहुंचे और आपस में बातचीत करने लगे तभी आरोपी यश थोराट अपनी एक्सिस गाड़ी से वहां पहुंचा और बाबू सिंधी के साथ विवाद करने लगा था। जब बाबू सिंधी ने विरोध किया, तो विवाद इतना बढ़ गया कि यश थोराट ने जान से मारने की नियत से कमर में फंसी पिस्टल निकालकर फायर कर दिया था। गोली सीधे निखिल कंजा के बाएं हाथ में जा लगी थी। शिकायत पर घमापुर पुलिस ने आरोपी यश थोराट के खिलाफ भी हत्या का प्रयास का मामला दर्ज किया है।
