इंदौर: शहर और आसपास के इलाकों में हुए अलग अलग हादसों में एक युवक समेत पांच लोगों की मौत हो गई. कहीं अज्ञात वाहन की टक्कर ने जिंदगी छीन ली तो कहीं आग, करंट और जानवर के हमले के बाद इलाज के दौरान लोगों ने दम तोड़ दिया. पुलिस ने सभी मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.गांधीनगर क्षेत्र में 19 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई. मृतक की पहचान अंकुश पिता प्रमोदकुमार रजक उम्र 19 साल, निवासी समर्थ प्रीमियम नैनोद, गोम्मटगिरि के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि अंकुश अपने चचेरे भाई को कोचिंग के लिए गांधी नगर छोड़ने गया था.
वापस लौटते समय किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में गंभीर चोट लगने के बाद उसकी मौत हो गई. पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन चालक की तलाश कर रही है. वहीं किशनगंज थाना क्षेत्र में ऊंट की लात लगने से घायल हुई 75 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस के अनुसार आस्तीबाई पति मेहताब, निवासी अशरफ नगर खजराना 21 जुलाई को किशनगंज ब्रिज से उतरकर टोल नाके की ओर जा रही थीं. इसी दौरान नाले के पास से गुजर रहे ऊंट ने उन्हें लात मार दी, जिससे वह गंभीर घायल हो गईं. एमवाय अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई, पुलिस ऊंट मालिक की तलाश कर रही है.
आजाद नगर थाना क्षेत्र में 23 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका पायल पति लखन, निवासी आकाशवाणी कार्यालय के पास, ने घर में यह कदम उठाया. परिजनों और पुलिस को अभी आत्महत्या के कारणों की जानकारी नहीं मिल सकी है, पुलिस मामले की जांच कर रही है. सिरपुर बांक क्षेत्र में करंट लगने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई. वहीं भवानी नगर क्षेत्र में जहरीले जीव के काटने से बीमार हुई 75 वर्षीय संजूबाई ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. इसके अलावा देपालपुर क्षेत्र के ग्राम कुनगारा में घर में लगी आग में झुलसी दो वर्षीय बच्ची की भी एमवाय अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. दो वर्षीय मृतका सृष्टि पिता अनिल चौहान थी. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
