
चित्रकूट। जिले में विश्वास को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक कपड़ा व्यापारी के परिवार के साथ बीते आठ वर्षों से रह रहे भरोसेमंद किरायेदारों ने 13 वर्षीय बालक आयुष का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी। यह वारदात गुरुवार शाम उस समय हुई, जब आयुष घर के बाहर खेल रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बच्चे के अपहरण के बाद परिवार से 40 लाख रुपये की फिरौती मांगी। परिवार ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिससे बौखलाए आरोपियों ने आयुष की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को पास के मकान में एक बॉक्स के अंदर छिपा दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने शुक्रवार तड़के दबिश दी। तलाशी के दौरान आयुष का शव बरामद हुआ, जिस पर गला घोंटे जाने के निशान थे। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया, जबकि दूसरे को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घटना से आहत आयुष के दादा ने इसे भयानक विश्वासघात बताते हुए कहा कि जिन लोगों पर परिवार ने वर्षों तक भरोसा किया, उन्हीं ने यह जघन्य अपराध किया। वारदात के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने हाईवे जाम कर दिया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
