सिंगरौली। एनसीएल की निगाही परियोजना में कार्यरत मधुकॉन कंपनी के मजदूरों ने अधिकारियों पर मजदूरी भुगतान में अनियमितता, अभद्रता, मारपीट, जातिसूचक गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।मजदूरों ने इस संबंध में एनसीएल निगाही परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक को आवेदन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में मजदूर हनुमंत साकेत, दीपक शाह, सुनील केशरी, सीएचपी ऑपरेटर एवं अन्नीलाल पाल, दीपक शर्मा मेंटिनेंस ने बताया कि वे लंबे समय से कंपनी के अधीन विभिन्न कार्यों में लगे हैं। आरोप है कि निर्धारित मजदूरी का पूरा भुगतान नहीं किया जा रहा है और भुगतान में देरी की जा रही है।
मजदूरों ने मेडिकल सुविधा, सुरक्षा उपकरण और पीएफ जमा कराने में भी लापरवाही का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार बकाया मजदूरी मांगने पर कंपनी के डीजीएम विनीत पाण्डेय और सेफ्टी अधिकारी निमेष उपाध्याय द्वारा कथित तौर पर अभद्र व्यवहार एवं जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया जाता है। आरोप है कि काम से निकालने के साथ वाहन से दुर्घटना कराने और डंपर से कुचलने की धमकी भी दी गई। मजदूरों का कहना है कि पूर्व में हड़ताल के दौरान लिखित आश्वासन के बावजूद निर्धारित भुगतान नहीं हुआ। उन्होंने निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई तथा बकाया मजदूरी एवं सुरक्षा सुविधाएं दिलाने की मांग की है।
