
जबलपुर । गोसलपुर थाना अंतर्गत खिन्नी रोड स्थित पेट्रोल पंप के पीछे भूसे के ढेर, नरवाई से बने रोल में शुक्रवार दोपहर लगी आग रात्रि करीब साढ़े दस बजे तक धधकती रही। सूचना पर नगर नगर जबलपुर समेत कटंगी, पनागर, सिहोरा के दमकल वाहन आग पर काबू पाने में जुटे रहे। देर रात तक पर आग बुझाने फायर बिग्रेड की टीमें मशक्कत करती रही।
जानकारी के मुताबिक गोसलपुर स्थित खिन्नी रोड में ईको बयोमास फ्यूल प्लांट है जहां भारी मात्रा में भूसे व नरवाई से बने रोल के गट्ठे रखे हुए थे। शुक्रवार को श्रमिक काम कर रहे थे तभी दोपहर करीब 12:50 बजे अचानक अज्ञात कारण से भूसे के ढेर में आग भडक़ उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग के गुब्बारे और धुआं दूर तक दिखाई दे रहा था। अग्नि हादसे की सूचना मिलते ही नगर निगम दमकल विभाग से तीन, सिहोरा, पनागर, कटंगी से एक-एक फायर बिग्रेड की गाडिय़ां पहुंची। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर कंट्रोल कर लिया गया लेकिन देर रात तक आग धधकती रही। बताया जाता है कि जहां आग लगी उसके पीछे पेट्रोल पंप है जबकि समीप ही गैस गोदाम है। जिसके मद्देनजर पुलिस, प्रशासनिक टीमें अलर्ट मोड में रही।
