कश्मीर पुलिस महानिरीक्षक ने अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की

श्रीनगर, 01 जुलाई (वार्ता) कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक वी.के. बिरदी ने श्री अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर बुधवार को पहलगाम में सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की।

पुलिस ने बताया कि आईजीपी ने अनंतनाग जिले में यात्रा मार्ग के सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया और सुरक्षा ग्रिड की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने यात्रा शुरू होने से पहले मजबूत तैयारी और आपसी तालमेल के साथ सुरक्षा बलों की तैनाती पर जोर दिया।

इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने एक्स-रे स्क्रीनिंग पॉइंट का निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने यात्रियों और उनके सामान की जांच व्यवस्था को देखा। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए बारीकी से जांच करने, सभी एजेंसियों के बीच आपसी तालमेल बनाये रखने और मानक संचालन प्रक्रिया का कड़ाई से पालन करने की बात कही।

श्री बिरदी ने नुनवान बेस कैंप का भी दौरा किया, जहां उन्होंने सुरक्षा के पूरे ढांचे, जवानों की तैनाती की योजना, निगरानी प्रणाली, प्रवेश नियंत्रण उपायों और आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने तैनात अधिकारियों और जवानों से बातचीत की और यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने में उनके समर्पण और कार्यकुशलता की सराहना की।

सुरक्षा के बहुस्तरीय उपायों की समीक्षा करते हुए श्री बिरदी ने अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने, विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल मजबूत करने और सभी सुरक्षा नियमों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने सालाना यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सक्रिय पुलिसिंग, लगातार निगरानी और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने पर जोर दिया।

पुलिस महानिरीक्षक के साथ दक्षिण कश्मीर रेंज के डीआईजी जाविद इकबाल मटू और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का यह दौरा यात्रा शुरू होने से पहले सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए किए जा रहे लगातार निरीक्षणों का ही हिस्सा है।

 

 

Next Post

दो घंटे ब्लैकआउट से शहर बेहाल

Wed Jul 1 , 2026
सिंगरौली। जिला मुख्यालय बैढ़न में बुधवार शाम हुई तेज बारिश के बीच लंबे बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब शाम 7:30 बजे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिसके बाद लगभग दो घंटे तक शहर के अधिकांश हिस्से अंधेरे में डूबे रहे। वहीं रात […]

You May Like