दो घंटे ब्लैकआउट से शहर बेहाल

सिंगरौली। जिला मुख्यालय बैढ़न में बुधवार शाम हुई तेज बारिश के बीच लंबे बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब शाम 7:30 बजे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिसके बाद लगभग दो घंटे तक शहर के अधिकांश हिस्से अंधेरे में डूबे रहे। वहीं रात करीब 8 बजे से शुरू हुई झमाझम बारिश ने उमस से राहत तो दिलाई, लेकिन बिजली व्यवस्था चरमराने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं।

बताया जा रहा है कि बारिश से पहले ही बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। लंबे समय तक बिजली बहाल नहीं होने से घरों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में दैनिक कार्य प्रभावित रहे। कई क्षेत्रों में लोग अंधेरे के बीच वैकल्पिक व्यवस्था करने को मजबूर दिखे। इससे उपभोक्ताओं में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी भी देखने को मिली।

इधर विंध्यनगर क्षेत्र में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को भीषण गर्मी व उमस से राहत मिली। हालांकि बैढ़न के उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले कुछ समय से शहर की बिजली व्यवस्था लगातार अव्यवस्थित बनी हुई है। हल्की बारिश या तकनीकी गड़बड़ी के दौरान भी घंटों बिजली बाधित रहने से आमजन को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Next Post

हनुमान नाका से हरीफाटक मार्ग का चौड़ीकरण कार्य तेज 

Wed Jul 1 , 2026
उज्जैन। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत शहर में यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम द्वारा विभिन्न विकास एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाइयों को तेज गति से अंजाम दिया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को एक ओर हनुमान नाका चौराहे से हरीफाटक […]

You May Like