तेहरान, 23 अप्रैल (वार्ता) ईरानी संसद के उप अध्यक्ष हामिद-रेज़ा हाजी बाबाई ने गुरुवार को कहा कि देश के केंद्रीय बैंक को नवगठित होर्मुज जलडमरूमध्य टोल प्रणाली से अपना पहला राजस्व प्राप्त हुआ है। यह जानकारी अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तसनीम ने गुरुवार को दी। पिछले महीने, ईरानी संसद के सुरक्षा आयोग ने रणनीतिक जलमार्ग से गुजरने वाले जहाजों पर परिवहन शुल्क लगाने की योजना को मंजूरी दी थी जिसकी समुद्री कानून विशेषज्ञों एवं अमेरिकी अधिकारियों सहित अंतरराष्ट्रीय पक्षों ने कड़ी आलोचना की थी। उस समय अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इस प्रस्ताव की निंदा करते हुए इसे अवैध और दुनिया के लिए खतरनाक बताया था और एक समन्वित अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया का आग्रह किया था। होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर वैश्विक तेल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस का लगभग पांचवां भाग गुजरता है और वहां अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी और हाल ही में क्षेत्र में जहाजों की ज़ब्ती एवं हमलों के कारण यातायात में भारी कमी आई है। हालांकि इन व्यवधानों के बावजूद ऊर्जा प्रवाह कुछ हद तक जारी है।
ईरानी अधिकारियों ने पहले कहा था कि जलडमरूमध्य पर ईरानी संप्रभुता को मान्यता मिलना संघर्ष समाप्त करने की एक शर्त है। ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति आयोग के एक सदस्य ने मेहर न्यूज एजेंसी को बताया कि संसद और सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद दोनों ही वर्तमान में जलमार्ग पर अधिक नियंत्रण स्थापित करने की एक व्यापक योजना की समीक्षा कर रहे हैं। एक अलग घटनाक्रम में, सीएनएन ने कहा कि पेंटागन के अधिकारियों ने हाल ही में सांसदों को एक खुफिया आकलन के बारे में जानकारी दी जिसमें अनुमान लगाया गया है कि ईरान के साथ दुश्मनी समाप्त होने के बाद जलडमरूमध्य से बारूदी सुरंगों को पूरी तरह से हटाने में छह महीने तक का समय लग सकता है। ईरानी न्यायपालिका के प्रमुख गुलाम हुसैन मोहसेनी एजेई ने भी दो जहाजों को जब्त करने के बाद क्षेत्र में रिवोल्यूशनरी गार्ड द्वारा हाल ही में चलाए गए अभियानों की प्रशंसा की। उन्होंने इन कार्रवाइयों को गर्वान्वित करार देते हुए कहा कि तीन दोषी जहाजों के खिलाफ कानून के अंतर्गत कार्रवाई की गई है और अमेरिका को जलडमरूमध्य के पास आने के खिलाफ चेतावनी दी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि ईरानी हमलावर नौकाएं और ड्रोन किसी भी शत्रुतापूर्ण कार्रवाई का जवाब देने के लिए तैयार हैं।
इस बीच, अमेरिकी केंद्रीय कमान ने कहा कि उसने ईरान के खिलाफ चल रहे समुद्री दबाव अभियान के अंतर्गत 31 जहाजों, का मार्ग बदल दिया है, जिनमें ज्यादातर तेल टैंकर हैं। उसने ओमान की खाड़ी में ईरानी ध्वज वाले एक जहाज को जब्त करने और हिंद महासागर में प्रतिबंधित जहाज पर चढ़ाई करने की भी जानकारी दी। इन घटनाक्रमों के बावजूद, समुद्री विश्लेषण कंपनी केप्लर ने कहा कि चीन को ईरानी कच्चे तेल का निर्यात बहुत हद तक निर्बाध रूप से प्राप्त होता रहा है और यह अप्रैल के पहले पखवाड़े में औसतन लगभग 9,85,000 बैरल प्रति दिन रहा। कंपनी ने यह भी कहा कि ईरान के जास्क निर्यात टर्मिनल पर वर्तमान में लगभग 58 लाख बैरल कच्चा तेल भंडारित है जो होर्मुज जलडमरूमध्य को बाईपास करता है और जलडमरूमध्य से गुजरे बिना ओमान की खाड़ी में माल भेजने की सुविधा प्रदान करता है।

