भाभी के बुलावे पर देवर को ‘सबक’ सिखाने पहुंचे थे दबंग

गुना: कहते हैं कि ‘सबक सिखाने’ की जल्दबाजी कभी-कभी खुद पर ही भारी पड़ जाती है। कुछ ऐसा ही वाकया कैंट थाना क्षेत्र के बमौरी बुजुर्ग गांव में मंगलवार रात करीब 10 बजे देखने को मिला, जब मारपीट करने आए दबंगों को ग्रामीणों ने ऐसा पाठ पढ़ाया कि उन्हें जीवन भर याद रहेगा।

दरअसल, कुछ समय पहले रामदेव लोधा का अपनी भाभी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। भाभी ने तैश में आकर अपने मुंहबोले भाई को फोन घुमा दिया। फिर क्या था, मुंहबोला भाई अपने 10 से ज्यादा साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर रामदेव को ‘सबक’ सिखाने गांव आ धमका।

आरोपियों ने गांव पहुंचते ही रामदेव पर धावा बोल दिया और उसे पीटना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने न सिर्फ बीच-बचाव किया, बल्कि एकजुटता दिखाते हुए हमलावरों पर ही बोल दिया धावा! ग्रामीणों का रौद्र रूप देख आधे से ज्यादा आरोपी तो उल्टे पैर भाग खड़े हुए, लेकिन दो आरोपी ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गए।

फिर क्या था! ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को कसकर बांध दिया और जमीन पर पटक लिया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के कब्जे से दोनों आरोपियों को छुड़ाया और उन्हें थाने ले आई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और बाकी फरार साथियों की तलाश जारी है।

Next Post

सौरव दास और आशुतोष रांका को 5 दिन की न्यायिक हिरासत, अजिंक्य शिंदे रिहा

Wed Oct 14 , 2026
नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर मंगलवार को हुए प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए CJP के दो नेताओं को कोर्ट ने पांच दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया है। इनमें सौरव दास और आशुतोष रांका शामिल हैं। वहीं, अजिंक्य शिंदे को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया […]

You May Like

Play sound