इंदौर: लघु उद्योग भारती के उद्यम समागम-2026 का शुभारंभ शुक्रवार को गुरु अमरदास हॉल में हुआ. उद्घाटन सत्र में लघु उद्योग निगम मध्यप्रदेश के अध्यक्ष सत्येंद्र भूषण ने कहा कि प्रदेश में सूक्ष्म एवं लघु उद्योग स्थापित करने और संचालन में लघु उद्योग भारती उद्यमियों के साथ खड़ी है. प्रदेश के किसी भी जिले में उद्योग शुरू करने वाले उद्यमी संगठन की जिला इकाई से सहयोग ले सकते हैं.
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए इंदौर सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि उद्योग नीति से जुड़े विषयों पर लघु उद्योग भारती के सुझावों को सरकारों तक पहुंचाया जाता है. उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के लिए सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों को मजबूत करने की आवश्यकता बताई. लघु उद्योग भारती मप्र अध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा ने कहा कि समागम में उद्योगों की समस्याओं, तकनीकी उन्नयन, नए बाजार, वित्तीय सुविधाओं तथा महिला एवं युवा उद्यमिता जैसे विषयों पर चर्चा हो रही है.
प्रदेश महामंत्री अरुण सोनी ने बताया कि आयोजन के लिए 3100 पंजीयन हुए हैं और 100 सदस्यीय टीम पिछले दो माह से तैयारियों में जुटी थी. समागम में साल्यूशंस हब एवं उत्पाद समूह प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही. इसमें औद्योगिक उत्पादों और सेवाओं के साथ बी2बी एवं बी2सी व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं. 3 अक्टूबर को समापन सत्र में एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप सहित संगठन के कई पदाधिकारी शामिल होंगे.
