इंदौर: जिला शिवपुरी के सुभाषपुरा थाना क्षेत्र में हुए गोलीकांड के मामले में नाम आने और फरार चल रहे इंदौर पुलिस के सहायक उप निरीक्षक भानू प्रताप सिंह तोमर को सेवा से बर्खास्त कर दिया.भानू प्रताप सिंह तोमर डीसीपी मुख्यालय कार्यालय, इंदौर में पदस्थ थे. उन पर 24 जुलाई 2025 को शिवपुरी के सुभाषपुरा थाने में दर्ज गोलीकांड में शामिल होने का आरोप है.
मामले के बाद से ही वह ड्यूटी से गैरहाजिर रहकर फरार थे, जिस पर पुलिस ने उन पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था. इंदौर पुलिस ने मामले की विभागीय जांच कर रिपोर्ट डीसीपी मुख्यालय प्रकाश परिहार को सौंपी. जांच में भानू प्रताप के खिलाफ गंभीर अनुशासनहीनता, षड्यंत्रकारी प्रवृत्ति और कदाचार के आरोप प्रमाणित पाए गए. इसके आधार पर डीसीपी प्रकाश परिहार ने आदेश जारी करते हुए सउनि (अ) भानू प्रताप सिंह तोमर को पुलिस सेवा से पृथक कर दिया.
