
सीधी। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में सीधी जिले के शिक्षक एवं प्रधानाध्यापक श्री शैलेन्द्र प्रताप सिंह बालेंदु को देश के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 से भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने सम्मानित किया। राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त कर श्री सिंह ने ना केवल अपने विद्यालय और जिले, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, समर्पण, सामाजिक सहभागिता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों के आधार पर शैलेन्द्र प्रताप सिंह का चयन राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए किया गया था। उनके नेतृत्व में शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय कंजवार को नवाचार और शैक्षिक बदलाव का केंद्र बनाया गया।
विद्यालय में FLN गार्डन, QR कोड आधारित शिक्षण सामग्री, ICT आधारित शिक्षण, पोषण वाटिका, बिरसा मुंडा उद्यान, बाल संसद, साप्ताहिक छात्र प्रधानाध्यापक योजना एवं बैगलेस शनिवार जैसी अभिनव गतिविधियों को प्रभावी रूप से लागू किया गया। इन प्रयासों से विद्यार्थियों में सीखने की रुचि, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मकता को बढ़ावा मिला।
श्री सिंह ने शिक्षा को समाज से जोड़ते हुए बालिका शिक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, पर्यावरण संरक्षण तथा जनसहभागिता के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किया। वर्ष 2023 में उन्हें राज्य शिक्षक सम्मान सहित कई प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त करने के बाद श्री सिंह ने इसे विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, शिक्षा विभाग, प्रशासन और समुदाय के सहयोग का परिणाम बताया। राष्ट्रपति के हाथों मिला यह सम्मान सीधी जिले के लिए निश्चित रूप से ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि है।
