मॉस्को/कीव, 17 मई (वार्ता) यूक्रेन ने रविवार रात रूस पर एक साल से भी अधिक समय का अपना सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया। इस हमले में तीन लोगों की मौत हो गयी और राजधानी के उत्तर व दक्षिण में स्थित कई शहरों में आग लग गयी। इसकी जानकारी रूसी अधिकारियों ने दी, वहीं इस हमले को यूक्रेन की बदले की कार्रवाई मानी जा रही है, क्योंकि यह हमला राजधानी कीव पर हुए विनाशकारी रूसी हमले के कुछ ही दिन बाद हुआ है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि हवाई रक्षा प्रणालियां इस भीषण हमले को लगातार नाकाम कर रही हैं। मंत्रालय ने बताया कि कुल 556 यूक्रेनी ड्रोन को बीच में ही रोककर नष्ट किया गया है, जबकि मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने कहा कि हवाई रक्षा प्रणालियों ने पिछले 24 घंटों में राजधानी और उसके आसपास के इलाकों की ओर बढ़ रहे 120 से अधिक ड्रोन मार गिराये। श्री सोबयानिन ने बताया कि मॉस्को के उत्तर-पश्चिम में स्थित खिमकी शहर में एक ड्रोन के निजी घर से टकराने के कारण एक महिला की मौत हो गयी। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति अब भी मलबे के नीचे फंसा हुआ है। राजधानी के उत्तर-पूर्व में स्थित पोगोरेल्की गांव में एक पुरुष और एक महिला सहित दो और लोगों की मौत की खबर है। खुद मॉस्को शहर में 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक तेल रिफाइनरी के निर्माण श्रमिक भी शामिल हैं। ड्रोन ने इस रिफाइनरी के प्रवेश द्वार पर हमला किया था। इससे आसपास के तीन घरों को भी नुकसान पहुंचा है।
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास की रिपोर्ट के अनुसार, शहर के दक्षिण-पश्चिम में स्थित सुबोटिनो गांव में एक मकान पर ड्रोन का मलबा गिरने से आग लग गयी, जबकि पश्चिमी शहर इस्त्रा में ड्रोन से कई आवासीय ब्लॉकों को नुकसान पहुंचाये जाने से चार लोग घायल हो गये।
रूस के सबसे व्यस्त हवाई अड्डे शेरेमेतिएवो परिसर में ड्रोन के टुकड़े बिखरे मिले। अधिकारियों ने कहा कि वहां कोई हताहत नहीं हुआ है। यात्री सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। यह बड़ा हमला यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के पिछले रूसी हमलों का बदला लेने के संकल्प के बाद हुआ है। श्री ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन ने इस सप्ताह विमान, एक हेलीकॉप्टर और एक मालवाहक जहाज सहित उच्च मूल्य वाले रूसी सैन्य उपकरणों को पहले ही नष्ट कर दिया है और यूक्रेनी ड्रोन ने रूसी तेल केंद्रों व जहाजों को निशाना बनाया है। उन्होंने कहा, “ज्यादातर अभियान अब भी जारी हैं।” यूक्रेन के ड्रोन सेना (अनमैन्ड सिस्टम फोर्सेज) के कमांडर ने मॉस्को के सबसे संभ्रांत इलाकों में से एक पैट्रियार्की के निवासियों को सीधे संबोधित करते हुए संदेश पोस्ट किया, जो इस बात का संकेत है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। यूक्रेन के ड्रोन सेना के कमांडर ने टेलीग्राम पर कहा, “पैट्रियार्की और उसके आसपास के इलाकों में शांतिपूर्ण जीवन का ‘वन-वे टिकट’ रद्द कर दिया गया है।” यूक्रेन ने मॉस्को पर रात भर हुए इन हमलों की सार्वजनिक रूप से जिम्मेदारी नहीं ली है, जो रूसी क्षेत्र के भीतर होने वाले अभियानों पर उसका पारंपरिक रुख रहा है।
क्षेत्रीय अधिकारी ओलेक्सांद्र हांझा ने बताया कि रूसी सेना ने मध्य यूक्रेन के निप्रॉपेट्रोस क्षेत्र के चार जिलों में 30 से अधिक ड्रोन और तोपखाने से हमले किये, जिसमें आठ लोग घायल हो गये और कई घर क्षतिग्रस्त या नष्ट हो गये। प्रांतीय राजधानी निप्रो में तीन लोग घायल हुए हैं। शनिवार शाम को दक्षिणी ज़ापोरीझिया क्षेत्र में एक अलग रूसी ड्रोन हमले में एक महिला भी घायल हो गयी। यूक्रेन की वायुसेना ने बताया कि रूस ने शनिवार देर रात से 287 ड्रोन दागे थे। इनमें से 279 को मार गिराया गया या इलेक्ट्रॉनिक रूप से जाम कर दिया गया, जबकि आठ ड्रोन सात अलग-अलग स्थानों पर अपने लक्ष्यों तक पहुंचने में कामयाब रहे।
रात भर हुआ यह हमला और जवाबी कार्रवाई उस संघर्ष का सबसे नया उग्र रूप है, जो अब अपने चौथे वर्ष में प्रवेश कर चुका है। फरवरी 2022 में अपना पूर्ण पैमाने पर हमला करने के बाद से रूस ने यूक्रेनी क्षेत्र के लगभग 20 प्रतिशत हिस्से पर अपना नियंत्रण स्थापित कर लिया है।

