​आसमान से बरसी आग, रात को कटी बिजली: सीहोर में गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड, जनजीवन बेहाल

सीहोर। भीषण गर्मी ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया. आसमान से बरसती आग और गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया. दिन के समय शहर की सड़कें सूनी नजर आईं और माहौल कफ्र्यू जैसा दिखाई दिया. वहीं रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलने तथा लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की परेशानियां कई गुना बढ़ा दी हैं.

जिले में इस बार मई महीने की गर्मी ने पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. सुबह 8 बजे के बाद ही तेज धूप और तपिश शुरू हो जाती है, जबकि दोपहर तक सड़कें आग उगलती नजर आती हैं. हालात यह हैं कि दोपहर के समय मुख्य बाजार, बस स्टैंड, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर आम दिनों की तुलना में बेहद कम आवाजाही दिखाई दे रही है. लोग केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं.

दोपहर के समय शहर की सभी सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है. गर्म हवाओं के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है. तेज धूप से बचने के लिए लोग चेहरे ढंककर निकल रहे हैं, जबकि कई स्थानों पर राहगीर पेड़ों और छांव वाली जगहों पर रुककर राहत पाने का प्रयास करते दिख रहे हैं.

भीषण गर्मी का असर व्यापार पर भी देखने को मिल रहा है. दोपहर के समय बाजारों में ग्राहकों की संख्या काफी कम हो गई है. कई दुकानदारों का कहना है कि दोपहर में ग्राहक नहीं आने के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है. होटल, चाय और नाश्ते की दुकानों पर भी कम भीड़ दिखाई दे रही है. भीषण गर्मी से हलकान लोगों को अब मानसून की बारिश का बेकरारी से इंतजार है, क्योंकि गर्मी का मिजाज उनकी सेहत पर भी भारी साबित हो रहा है. जिला अस्पताल में मौसमी बीमारियों से पीडि़त मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई है. ओपीडी में मरीजों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं. डॉक्टरों ने भी इस मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप में निकलने से बचना चाहिए. पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी जा रही है. अस्पतालों में भी गर्मी और डिहाइड्रेशन से संबंधित मरीजों की संख्या बढऩे लगी है. आरएके कृषि कॉलेज के मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएस तोमर के अनुसार फिलहाल अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम दिखाई दे रही है. तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव हो सकता है, लेकिन लू और तेज गर्मी का असर बना रहेगा. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और सावधानी बरतने की जरूरत है.

बिजली की घोषित व अघोषित कटौती ने किया परेशान

रात के समय भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है. न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहने और उमस बढऩे के कारण लोगों की नींद प्रभावित हो रही है. स्थिति तब और अधिक खराब हो जाती है जब बिजली की अघोषित कटौती शुरू हो जाती है. शहर के कई इलाकों में बार-बार बिजली बंद होने की शिकायतें सामने आ रही हैं. लोगों का कहना है कि दिनभर की तपिश के बाद रात में बिजली चले जाने से घरों में रुकना मुश्किल हो रहा है. स्थानीय नागरिकों ने बताया कि कई मोहल्लों में रात के समय एक से दो घंटे तक बिजली बंद रहने की स्थिति बन रही है.

Next Post

मंत्री प्रतिमा बागरी का जाति प्रमाण पत्र फर्जी, तत्काल हो निरस्त: प्रदीप अहिरवार

Thu May 21 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने बुधवार को राज्य स्तरीय जाति छानबीन समिति के समक्ष उपस्थित होकर राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी के अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र को “फर्जी” बताते हुए उसे तत्काल निरस्त करने की मांग की। प्रदीप अहिरवार ने प्रमुख सचिव ई. रमेश सहित […]

You May Like