मासूम के ईलाज में खर्च होंगे 9 करोड़, दानदाताओं से लेंगे मदद

इंदौर: कलेक्टर शिवम वर्मा की उपस्थिति में जनसुनवाई प्रभावी और सकारात्मक रूप से संपन्न हुई. जनसुनवाई आमजन की उम्मीदों पर खरी उतर रही है और जरूरतमंदों का सशक्त सहारा बन रही है. किसी को इलाज, किसी को शिक्षा और किसी को रोजगार जैसी सहायता हाथों-हाथ उपलब्ध कराई जा रही है। त्वरित समस्या के निराकरण से आमजन संतुष्ट और प्रसन्न दिखाई दे रहे हैं.

जनसुनवाई में एक शर्मा दंपत्ति अपनी बेटी को लेकर पहुंचे. कलेक्टर श्री वर्मा ने इनकी समस्या को गंभीरता से सुना. दंपत्ति ने बताया कि इनकी बेटी को गंभीर बीमारी है और लगभग 9 करोड़ रूपये का खर्च इलाज पर होगा. कलेक्टर ने कहा कि शासन-प्रशासन से मदद तो की जायेगी. साथ ही अन्य दानदाताओं से सहयोग लिया जायेगा. इसके लिये उन्होंने दानदाताओं से सहयोग की अपील की है. उन्होंने बताया कि इसका विवरण सेवा सेतु एप पर देखा जा सकता है.

उल्लेखनीय है ढाई साल की मासूम अनिका शर्मा एसएमए टाइप-2 जैसी दुर्लभ बीमारी से संघर्ष कर रही है. इलाज के लिए जरूरी दवा की कीमत करीब 9 करोड़ रुपए है. इतनी बड़ी राशि जुटाना परिवार के लिए असंभव है, इसलिए बच्ची की मां सरिता शर्मा जनसुनवाई में कलेक्टर से मिलीं और शहरवासियों से मार्मिक अपील की. अनिका शर्मा की मां का कहना है कि इंदौर की 35 लाख आबादी में से हर नागरिक मात्र 10-10 रुपए भी दे दे, तो करीब 3 करोड़ 50 लाख रुपए तत्काल जुटाए जा सकते हैं, जबकि शेष राशि सरकार, जिला प्रशासन और औद्योगिक इकाइयों की मदद से पूरी हो सकती है. अनिका की मां ने शहरवासियों से भावुक अपील की हमारे लिए 10 रुपए छोटी बात है, लेकिन मेरी बेटी के लिए वह जीवन का आधार बन सकता है.

दिव्यांग को रोजगार के लिए मदद
आज की जनसुनवाई में एक ऐसा उदाहरण सामने आया, जब दिव्यांग दिनेश महाकाल ने अपनी समस्या कलेक्टर शिवम वर्मा के समक्ष रखी और हाथो-हाथ निराकरण होने से उसने आभार भी जताया. दिनेश ने कलेक्टर को बताया कि वह दोनों पैरों से दिव्यांग हैं, बेरोजगार हैं तथा आने-जाने के लिए उपयोग में लाई जा रही ट्राइसाइकिल अत्यंत पुरानी हो चुकी है. बैसाखियाँ भी टूट चुकी हैं और पेंशन भी नहीं मिल रही है. कलेक्टर ने तत्काल सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी को बुलाकर निर्देशित किया कि दिनेश की सभी समस्याओं का आज ही समाधान किया जाए.

अपनी समस्याओं का त्वरित निराकरण होने पर दिनेश ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और कलेक्टर शिवम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया. आज की जनसुनवाई में अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, रोशन राय, रिंकेश वैश्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे. जनसुनवाई में लगभग 300 से अधिक आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं. अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा शेष के लिए समयसीमा निर्धारित की गई.

Next Post

अंतर्राष्ट्रीय पुरुष दिवस पर सोनी सब के कलाकारों ने साझा किये अपने विचार

Wed Nov 19 , 2025
मुंबई, (वार्त) सोनी सब के कलकारों ने अंतर्राष्ट्रीय पुरुष दिवस (19 नवंबर) पर अपने विचार प्रशंसकों के साथ साझा किये हैं। पुष्पा इम्पॉसिबल में राजवीर शास्त्री की भूमिका निभा रहे गौरव चोपड़ा ने कहा, “अंतर्राष्ट्रीय पुरुष दिवस मुझे हमेशा उन पुरुषों की याद दिलाता है जो चुपचाप खुद को फिर […]

You May Like