
ग्वालियर। बिलौआ थानांतर्गत क्रेशर मार्केट रोड पर डीडी स्टोन क्रेशर के सामने एक तेज रफ्तार गिट्टी से भरे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पहिए के नीचे आने से बुरी तरह से कुचल गई, वहीं उस पर सवार मां और बेटा भी गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब नौ बजे हुआ। दोनों मां और बेटा ग्वालियर में किसी रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इंदरगढ़ निवासी मुकेश सुबह करीब नौ बजे अपनी मां को बाइक पर बैठाकर ग्वालियर की आ जा रहा था। जंगीपुर होते हुए जैसे ही वह क्रेशर मार्केट रोड पर डीडी स्टोन क्रेशर के सामने पहुंचे तभी पीछे से आ रहे गिट्टी से भरे ट्रक क्रमांक यूपी 93 सीटी 4296 के चालक ने ट्रक को लापरवाही से चलाते हुए बाइक में टक्कर मार दी। जिससे मां और बेटा गंभीर रुप से घायल हो गए। वहीं बाइक पहिए के नीचे आने की वजह से पूरी तरह से कुचल गई। टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है।
