जबलपुर: पनागर थाना अंतर्गत ग्राम चरखी में एक दबंग ने मजदूरी के पैसे मांगने पर एक युवक की पीठ पर खौलती हुई कच्ची शराब फेंक दी। जिससे युवक की पीठ बुरी तरह जल गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम चरखी निवासी आशीष उर्फ गुड्डू गोटिया (30) को गांव के ही बेडीलाल गोटिया ने लालच दिया था कि यदि वह कच्ची शराब बनाने में उसकी मदद करेगा, तो उसे 500 रुपये मजदूरी दी जाएगी।
आशीष के अनुसार वह बीती रात बेडीलाल के साथ तालाब के किनारे नाले के पास गया और रात भर उसके साथ मिलकर कच्ची शराब बनवाई। सुबह करीब 6 बजे जब काम खत्म हुआ, तो आशीष ने अपनी मेहनत की कमाई 500 रुपये मांगी। पैसे मांगने की बात सुनते ही बेडीलाल आगबबूला हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि बेडीलाल ने पास में ही भट्टी पर चढ़ी खौलती हुई कच्ची शराब का बर्तन उठाया और आशीष की पीठ पर उड़ेल दिया। अचानक हुए इस हमले से आशीष चीख उठा और उसकी पीठ बुरी तरह झुलस गई। पुलिस ने आशीष की शिकायत पर आरोपी बेडीलाल गोटिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
