जियोहॉटस्टार के ‘रिसॉर्ट’ और ‘हार्ट बीट’ ने भाषाई सीमाएं पार कर बनाई पहचान

मुंबई, 14 अक्टूबर (वार्ता) जियोहॉटस्टार के तमिल शो ‘रिसॉर्ट’ और ‘हार्ट बीट’ दूसरे भाषाई दर्शकों के बीच भी लोकप्रियता हासिल कर रहे हैं। ‘रिसॉर्ट’ ने 100 मिलियन वॉच ऑवर्स का आंकड़ा पार कर लिया है और यह उपलब्धि हासिल करने वाला मंच का पहला फिक्शन ओरिजिनल बन गया है। शो के कुल वॉच टाइम में 47 प्रतिशत हिस्सेदारी तमिल के अलावा दूसरी भाषाओं के दर्शकों की है। इसमें हिंदी दर्शकों की हिस्सेदारी 22 प्रतिशत, तेलुगु की 15 प्रतिशत तथा मलयालम और कन्नड़ की संयुक्त हिस्सेदारी 10 प्रतिशत है। इसी तरह तमिल मेडिकल ड्रामा ‘हार्ट बीट’ का तीसरा सीजन भी हिंदी दर्शकों के बीच लोकप्रियता हासिल कर रहा है। आरके मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल की पृष्ठभूमि पर आधारित इस शो में चिकित्सा जगत की चुनौतियों के साथ पारिवारिक रिश्तों और व्यक्तिगत संघर्षों को दिखाया गया है।

शो के पहले दो सीजन में रीना, राठी, विजय और अर्जुन के जीवन तथा उनके आपसी रिश्तों को सामने लाया गया। तीसरे सीजन में नए किरदारों और चुनौतियों के साथ कहानी आगे बढ़ती है। पुराने दर्शकों को अपने पसंदीदा किरदारों का सफर देखने का मौका मिल रहा है, जबकि नए दर्शक पहले सीजन से कहानी को समझ सकते हैं। रीना की भूमिका निभाने वाली दीपा बालू ने कहा कि उनके किरदार को निजी और पेशेवर जिंदगी में अपनी जगह बनाने के लिए कई मुश्किल फैसले लेने पड़े हैं। तीसरे सीजन में रीना की जिंदगी एक नए मोड़ पर पहुंचती है।

राठी की भूमिका निभाने वाली अनुमोल ने कहा कि उनका किरदार एक ऐसी मां का है, जो अपनी भावनाओं को हमेशा व्यक्त नहीं कर पाती। उसके फैसलों के पीछे छिपी भावनाएं दर्शकों को उससे जुड़ने का अवसर देती हैं। विजय की भूमिका निभाने वाले कार्तिक कुमार ने कहा कि तीसरे सीजन में उनके किरदार की भूमिका पहले से अलग है। अतीत से जुड़े सवाल अब भी परिवार को प्रभावित करते हैं और विजय को उनके परिणामों का सामना करना पड़ता है। अर्जुन की भूमिका निभाने वाले चारुकेश एम ने कहा कि अर्जुन और रीना के रिश्ते में अनिश्चितताएं बनी हुई हैं और तीसरे सीजन में भी उनके संबंधों की परीक्षा होती है। ‘हार्ट बीट’ का तीसरा सीजन जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रहा है।

.....

Next Post

भोपाल के मिसरोद की घटना पर सरकार का एक्शन

Wed Oct 14 , 2026
भोपाल:मिसरोद क्षेत्र में हुई दुखद घटना के मामले में मध्यप्रदेश सरकार ने कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने के बाद इंस्पेक्टर रतन सिंह परिहार को निलंबित कर दिया […]

You May Like

Play sound