
रतलाम। शहर में खड़े वाहनों की स्टेपनियां चुराकर फरार होने वाले गिरोह का थाना स्टेशन रोड पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी अभी फरार हैं। आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार स्टेपनियां, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चोरी के औजार बरामद किए गए हैं। जप्त मशरूका की कुल कीमत करीब 1.80 लाख रुपए बताई गई है।
मामला 31 मई का है, जब अशोक नगर निवासी अजमल खान ने जनक अस्पताल के सामने खड़ी अपनी महिंद्रा बोलेरो लोडिंग वाहन की स्टेपनी चोरी होने की रिपोर्ट थाना स्टेशन रोड में दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सब्जी मंडी क्षेत्र में भी कई वाहन मालिक इसी तरह की चोरी का शिकार हुए हैं। पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान करमदी रोड क्षेत्र में संदिग्ध युवकों की मौजूदगी की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने स्टेपनी चोरी की कई वारदातें स्वीकार कर लीं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में तीन युवक और एक विधि-विरुद्ध बालक शामिल है। वहीं गिरोह के तीन अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जितेंद्रसिंह जादौन सहित स्टेशन रोड थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का मानना है कि आरोपियों से पूछताछ में अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी अहम खुलासे हो सकते हैं।
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गई चार स्टेपनियां बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई चार स्टेपनियां, एक हीरो मोटरसाइकिल और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए गए। आरोपियों ने सब्जी मंडी क्षेत्र से तीन अन्य स्टेपनियां चोरी करने की बात भी कबूल की, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है।
