छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में छह टीमों की कमान संभालेंगे ओलंपियन, 21 अक्टूबर से रायपुर में मुकाबले

राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में ओलंपियन सुरेंद्र कुमार, प्रदीप मोर, एस.वी. सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर सिंह और चिंगलेनसाना सिंह कंगुजाम अलग-अलग टीमों का प्रतिनिधित्व करेंगे। इनके साथ खेलने से छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभव का लाभ मिलेगा।

लीग के सभी मुकाबले रायपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। प्रतिदिन पहला मुकाबला शाम साढ़े पांच बजे और दूसरा मुकाबला शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा। दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। प्रतियोगिता का सीधा प्रसारण जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा। दोनों मुकाबलों के बीच मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

प्रतियोगिता में न्यायधानी नाइट्स, मैनपाट टाइटन्स, चक्रधर चैंपियंस, राजधानी रॉयल्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और बैलाडीला बुल्स की टीमें हिस्सा लेंगी। सभी टीमों में अनुभवी राष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ छत्तीसगढ़ की उभरती प्रतिभाओं को स्थान दिया गया है।

न्यायधानी नाइट्स में ओलंपियन सुरेंद्र कुमार प्रमुख खिलाड़ी होंगे, जबकि मोहम्मद रियाज मुख्य प्रशिक्षक की जिम्मेदारी संभालेंगे। मैनपाट टाइटन्स की ओर से प्रदीप मोर मैदान पर उतरेंगे और अजय कुमार टीम के मुख्य प्रशिक्षक होंगे। इसी प्रकार चक्रधर चैंपियंस में एस.वी. सुनील प्रमुख खिलाड़ी तथा अजितेश राय मुख्य प्रशिक्षक होंगे।

राजधानी रॉयल्स में ओलंपियन ललित कुमार उपाध्याय के साथ मुख्य प्रशिक्षक राजेन्दर सिंह जूनियर टीम का मार्गदर्शन करेंगे। संस्कारधानी स्ट्राइकर्स में शमशेर सिंह प्रमुख खिलाड़ी और रजनीश मिश्रा मुख्य प्रशिक्षक होंगे। वहीं, बैलाडीला बुल्स में चिंगलेनसाना सिंह कंगुजाम प्रमुख खिलाड़ी तथा देवेश चौहान मुख्य प्रशिक्षक की भूमिका निभाएंगे।

लीग की छह फ्रेंचाइजी टीमों के साथ विभिन्न औद्योगिक एवं व्यावसायिक संस्थान जुड़े हैं। चक्रधर चैंपियंस की फ्रेंचाइजी जिंदल स्टील लिमिटेड, न्यायधानी नाइट्स की साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, राजधानी रॉयल्स की बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड, मैनपाट टाइटन्स की छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड और बैलाडीला बुल्स की फ्रेंचाइजी एनएमडीसी लिमिटेड के पास है।

आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश में हॉकी को प्रोत्साहित करने के साथ स्थानीय खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव उपलब्ध कराना है। लीग के दौरान युवा खिलाड़ियों को अनुभवी प्रशिक्षकों से खेल की तकनीक, रणनीति और बड़े मुकाबलों में दबाव से निपटने का प्रशिक्षण भी मिलेगा।

प्रतियोगिता के सभी मुकाबले हॉकी इंडिया के अधिकारियों की देखरेख में आयोजित किए जाएंगे। आयोजन से प्रदेश में हॉकी की नई प्रतिभाओं को पहचान मिलने और खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Next Post

मोदी, जयशंकर की कनाडा की विदेश मंत्री से मुलाकात, रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर जोर

Wed Oct 14 , 2026
नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (वार्ता) भारत यात्रा पर आई कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से अलग-अलग मुलाकात की, जिनमें दोनों देशों के बीच व्यापार, प्राैद्योगिकी, सुरक्षा, ऊर्जा, शिक्षा, रक्षा और निवेश सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने […]

You May Like

Play sound