जबलपुर: माढ़ोताल थाना अंतर्गत कटंगी रोड के पास जबलपुर-दमोह मार्ग पर शनिवार रात जबलपुर से दमोह जा रही सवारियों से खचाखच भरी एक तेज रफ्तार यात्री बस सामने से आ रहे लोडिंग वाहन से टकराने के बाद सडक़ किनारे पेड़ से जा भिड़ी और अनियंत्रित होकर पलट गई। इस अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी के साथ यात्रियों मेें चीख पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने पहुंचकर मौके पर मोर्चा संभाला। हादसे में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई है ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मां वैष्णो देवी बस क्रमांक एमपी 34 जेड सी 7177 दीनदयाल बस स्टैंड से सवारियां लेकर दमोह के लिए रवाना हुई थी। बस यात्रियों से फुल खचाखच भरी हुई थी। शनिवार रात लगभग आठ बजे बस जैसे ही माढ़ोताल थाना अंतर्गत कटंगी बाईपास से आगे बढ़ी ही थी कि सूरतलाई से पहले गोविंद धाम बारात घर के नजदीक कटंगी रोड पर बस चालक ने अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की।
इसी दौरान सामने से आ रहे एक लोडिंग वाहन से बस की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस सीधे सडक़ किनारे लगे एक पेड़ से टकराई और तिरछी होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी चीख पुकार मच गई। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। खबर मिलते ही माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने राहगीरों लोगों की मदद से सहमे हुए यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। गनीमत रही कि हादसे में किसी को भी गंभीर चोटें नहीं आई है। पुलिस ने दूसरे वाहन से यात्रियों को दमोह के लिए रवाना कर दिया है।
