फ्रीजर से स्टोर रूम तक मिलीं कमियां, सीकेडी गार्डन पर खाद्य सुरक्षा टीम की कार्रवाई

इंदौर: निरंजनपुर स्थित सीकेडी गार्डन एंड रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा प्रशासन के निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के भंडारण में लापरवाही सामने आई. किचन के डीप फ्रीजर में वेज और नॉन-वेज खाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले.स्टोर रूम में खाद्य सामग्री के साथ अखाद्य सामान रखा था, जबकि कुछ खाद्य पदार्थ पैलेट के बजाय सीधे रखे पाए गए. इन कमियों को लेकर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने रेस्टोरेंट संचालक को सुधार सूचना पत्र जारी किया है. शनिवार को तहसीलदार सपना शर्मा और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने 75-ए, निरंजनपुर, एबी रोड स्थित रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया. टीम के पहुंचने पर प्रोपराइटर अंश ठाकुर मौके पर मौजूद थे. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने किचन, डीप फ्रीजर और स्टोर रूम में खाद्य पदार्थों के रखरखाव की स्थिति देखी.

फ्रीजर में साथ रखे थे वेज-नॉनवेज सामान
जांच में डीप फ्रीजर में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने के बजाय एक साथ रखा जाना सामने आया. खाद्य सुरक्षा के लिहाज से इसे गंभीर लापरवाही माना गया. स्टोर रूम में खाद्य सामग्री के साथ अखाद्य वस्तुएं भी रखी मिलीं. कुछ सामग्री जमीन से ऊंचाई पर रखने के लिए जरूरी पैलेट व्यवस्था का भी पालन नहीं किया जा रहा था.

पानी की जांच रिपोर्ट नहीं
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थ बनाने में इस्तेमाल होने वाले पानी की जांच रिपोर्ट भी अधिकारियों को उपलब्ध नहीं कराई जा सकी. रेस्टोरेंट में खाद्य निर्माण और हैंडलिंग से जुड़े कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र तथा पेस्ट कंट्रोल के रिकॉर्ड भी नहीं मिले. हालांकि, मौके पर साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक पाई गई.

पनीर से घी तक चार नमूने लिए
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की वास्तविक स्थिति जांचने के लिए अधिकारियों ने रेस्टोरेंट से पनीर, काजू, तुअर दाल और घी के नमूने लिए. चारों नमूनों को खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद यह तय होगा कि इनमें से किसी खाद्य पदार्थ में मानकों का उल्लंघन तो नहीं है. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

सुधार नहीं किया तो होगी कार्रवाई
निरीक्षण में मिली कमियों को लेकर रेस्टोरेंट संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सुधार सूचना पत्र दिया गया है. इसमें निर्धारित अवधि में कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों के मुताबिक तय समय में सुधार नहीं होने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. खाद्य सुरक्षा प्रशासन की यह कार्रवाई जिले में चल रहे निरीक्षण अभियान का हिस्सा है. अधिकारियों का कहना है कि खाद्य प्रतिष्ठानों में भंडारण, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की जांच आगे भी जारी रहेगी

Next Post

मधुमक्खियों के हमले में घायल 5 वर्षीय मासूम की मौत

Sun Aug 23 , 2026
सतना: जिले के ताला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पठरा में मधुमक्खियों के हमले से घायल हुए 5 वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है.मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पठरा निवासी अंश […]

You May Like