सतना: जिले के ताला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पठरा में मधुमक्खियों के हमले से घायल हुए 5 वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है.मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पठरा निवासी अंश पाव (5 वर्ष) अपनी मां के साथ खेत में बकरियां चराने गया था. इसी दौरान खेत में अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने बच्चों पर हमला बोल दिया.इस हमले में अंश समेत चार मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए.
परिजनों ने आनन-फानन में घायल बच्चों को इलाज के लिए ग्राम गोरा स्थित एक बंगाली चिकित्सक के पास पहुंचाया.प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की हालत में सुधार देख परिजन उसे देर शाम घर ले आए.रात में खाना खाने के बाद अंश सोने चला गया
सुबह नहीं खुली आंख, पुलिस जांच में जुटी
अगली सुबह जब काफी देर तक बच्चा नहीं उठा तो परिजनों ने उसे जगाने का प्रयास किया, लेकिन उसके शरीर में कोई हलचल नहीं थी.मासूम की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया.
सूचना मिलते ही ताला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अमरपाटन मर्चुरी भेजा.पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है.पुलिस मामले की जांच कर रही है कि मौत जहरीले डंक के असर से हुई या इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही बरती गई थी
