मास्को, 15 नवंबर (वार्ता) डिजिटल सेवा प्रदाता कंपनी ‘बेगेट’ ने रविवार को बताया कि उसके बुनियादी ढांचे पर 850 जीबीपीएस तक की क्षमता वाला एक बड़ा ‘डिस्ट्रीब्यूटेड डिनायल-ऑफ-सर्विस’ साइबर हमला हुआ है।
रूसी मीडिया रियो नोवोस्ती के अनुसार कंपनी ने अपने आधिकारिक टेलीग्राम चैनल पर जारी बयान में कहा, “हमारा बुनियादी ढांचा वर्तमान में 850 जीबीपीएस तक की क्षमता वाले बड़े पैमाने के डीडीओएस हमले का सामना कर रहा है। ये हमलावर, हमारी सेवाओं की उपलब्धता को बाधित करने के लिए क्रमबद्ध तरीके से हमारे सबनेट को निशाना बना रहे हैं।”
इस साइबर अटैक के कारण उपयोगकर्ताओं को ओजोन, वाइल्डबेरीज और सबेरबैंक जैसे प्रमुख रूसी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में समस्याओं का सामना करना पड़ा। इसके अतिरिक्त, हैकर हमले के कारण ‘स्पेस ट्रैवल’ वेबसाइट तक पहुंच भी प्रतिबंधित कर दी गई है।
बेगेट ने स्वीकार किया कि यह हमला संभवतः पिछले सप्ताह हुए एक बड़े साइबर हमले के बाद सेवाओं की बहाली की योजनाओं को विफल करने के मकसद से किया गया है। स्थिति से निपटने के लिए होस्टिंग प्रदाता ने रूस के बाहर के आईपी पतों से होने वाले ‘एसएसएच’ कनेक्शनों पर सीमा लागू कर दी है, जिसके तहत एक आईपी पते से प्रति सेकंड पांच से अधिक प्रयास नहीं किए जा सकेंगे। कंपनी ने कहा कि वह इन समस्याओं को हल करने और स्थिर नेटवर्क कनेक्टिविटी बहाल करने के लिए काम कर रही है।
गौरतलब है कि डिजिटल बुनियादी ढांचे के प्रभावित होने की यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब वैश्विक स्तर पर तकनीक क्षेत्र हाल ही में हुए एक बड़े ‘माइक्रोसॉफ्ट आउटेज’ से उबरा है। गत 12 से 14 नवंबर के बीच हुए उस वैश्विक आउटेज के कारण आउटलुक, टीम्स और कोपायलट जैसी प्रमुख माइक्रोसॉफ्ट 365 सेवाएं घंटों तक ठप रही थीं, जिससे भारत सहित दुनिया भर में एयरलाइंस, सरकारी एजेंसियों और व्यावसायिक गतिविधियों पर व्यापक असर पड़ा था। हालांकि, माइक्रोसॉफ्ट ने स्पष्ट किया था कि वह तकनीकी खामी किसी साइबर हमले के बजाय सर्वर अपडेट की सेटिंग्स के कारण उत्पन्न हुई थी।
