सैलाना में 30 मजदूरों से भरा ओवरलोड ऑटो पलटा, किशोरी की मौत, 6 घायल

रतलाम। सैलाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सडक़ हादसे ने ओवरलोड वाहनों की लापरवाही को फिर उजागर कर दिया। सकरावदा के इमली चौक पर करीब 30 मजदूरों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 15 वर्षीय किशोरी कविता खराड़ी की ऑटो के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार ऑटो रिक्शा ग्राम फूफीरुंडी से मजदूरों को लेकर सैलाना की ओर जा रहा था। सुबह करीब 7:30 बजे सकरावदा में मोड़ के पास तेज रफ्तार और अत्यधिक वजन के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ऑटो सडक़ पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और ऑटो के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। इसी दौरान कविता पिता सूरज खराड़ी ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों में कालीबाई मईड़ा और रेखा खराड़ी की हालत गंभीर होने पर उन्हें सैलाना अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। मामले में सबसे गंभीर पहलू यह सामने आया कि दुर्घटनाग्रस्त ऑटो पर दो दिन पहले ही ओवरलोडिंग को लेकर 15 हजार रुपए का चालान किया गया था। इसके बावजूद चालक बिना किसी डर के क्षमता से अधिक मजदूरों को बैठाकर वाहन चला रहा था। सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया कि चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गौरतलब है कि क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों के कारण हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। इससे पहले 2 मई को आंबा क्षेत्र में करीब 50 मजदूरों से भरी बोलेरो खाई में गिर गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बावजूद नियमों की अनदेखी और ढीला नियंत्रण अब लोगों की जान पर भारी पड़ रहा है।

Next Post

मान ने शिवराज से किसानों के कल्याण और फसलों के विविधीकरण को बढ़ावा देने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की

Wed May 13 , 2026
नयी दिल्ली 13 मई (वार्ता) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को यहां केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर उनसे किसानों के कल्याण और फसलों के विविधीकरण को बढ़ावा देने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। मुलाकात के दौरान श्री […]

You May Like