
विशेष संवाददाता भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के 19वें दिन गुरुवार को गुना जिले के आरोन से पदयात्रा प्रारंभ हुई। इस दौरान विभिन्न गांवों में यात्रा का स्वागत किया गया और ग्रामीणों ने इसमें उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह ने आरोन स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर पहुंचकर चातुर्मास कर रहे परम पूज्य मुनिश्री 108 नीरोग सागर जी महाराज के दर्शन किए। उन्होंने मुनिश्री का पाद प्रक्षालन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुनिश्री ने यात्रा के उद्देश्यों और संकल्पों की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
पदयात्रा की शुरुआत आरोन स्थित सनकादिक आश्रम में पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस दौरान रामलला, बाबा महाकाल, विभिन्न तीर्थस्थलों के प्रतीक जल कलश और पार्थिव शिवलिंग का पूजन किया गया। समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष विवेक तोमर ने ध्वज फहराया, जिसके बाद सनातन परंपराओं और राष्ट्रीय स्वाभिमान की रक्षा के संकल्प के साथ यात्रा आगे बढ़ी।
सुबह 8 बजे आरोन जनपद कार्यालय से शुरू हुई यात्रा मुद्रा खुर्द, मोहड़ी कलां, भौरा और खामखेड़ा होते हुए आगे बढ़ी। दोपहर 3 बजे पुनः प्रारंभ होकर यात्रा रुसल्ला, देवमढ़ी और जखौदा होते हुए शाम 6 बजे अशोकनगर जिले के सोवात गांव पहुंची, जहां दिन की पदयात्रा का समापन हुआ।
यात्रा में धार्मिक दान और चढ़ावे में पारदर्शिता, कथित अनियमितताओं की जांच तथा कथित वोट चोरी की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई जा रही है।
