प्रदेश की जेलों में भाईदूज पर उमड़ा भाई-बहनों का स्नेह

विशेष संवाददाता भोपाल। भाईदूज के अवसर पर मध्यप्रदेश की जेलों में भाई-बहन के प्रेम और पारिवारिक आत्मीयता के भावुक दृश्य देखने को मिले। जेल प्रशासन ने बंदियों को उनके परिजनों के साथ त्योहार मनाने का अवसर देने के लिए विशेष मुलाकात व्यवस्था की।

जेल महानिदेशक वरुण कपूर के मार्गदर्शन में यह पहल ग्वालियर और सागर केंद्रीय जेलों, शिवपुरी जिला जेल तथा इनके अधीनस्थ जेलों में की गई।

इस दौरान सैकड़ों बहनों ने जेल पहुंचकर अपने बंदी भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, महिला बंदियों से भी उनके भाइयों और परिजनों ने मुलाकात की। लंबे समय बाद परिवार के सदस्यों और छह वर्ष तक की उम्र के बच्चों से मिलकर कई बंदी भावुक हो गए।

विशेष व्यवस्था के तहत करीब 6 हजार बंदियों से लगभग 20 हजार परिजनों ने मुलाकात की। सुरक्षा और निगरानी के बीच खुले स्थानों पर मुलाकात की व्यवस्था की गई।

इस पहल के माध्यम से जेल प्रशासन ने बंदियों के पारिवारिक संबंधों को बनाए रखने और उनके पुनर्वास के प्रति मानवीय दृष्टिकोण प्रदर्शित किया।

 

Next Post

बीएचईएल को दो प्रतिष्ठित ऑर्डर मिले

Fri Nov 13 , 2026
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) ने राजस्थान के बाड़मेर और गुजरात के कल्याणपुर में सिंक्रोनस कंडेंसर स्थापित करने के लिए पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (पावरग्रिड) से दो प्रतिष्ठित ऑर्डर प्राप्त किए हैं। इन ऑर्डरों के तहत कुल चार सिंक्रोनस कंडेंसर यूनिट स्थापित की जाएंगी। प्रत्येक यूनिट की […]

You May Like