मुंबई, 28 अगस्त (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का दाम गिरने से शुक्रवार को घरेलू अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया दो पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 95.44 रुपये बोला गया।
भारतीय मुद्रा पिछले कारोबारी दिवस पर दो पैसे टूटकर 95.46 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी।
रुपये पर आज शुरुआती दबाव रहा। यह 10 पैसे गिरकर 95.54 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। दिन भर इसमें उतार-चढ़ाव रहा। इस दौरान यह ऊपर 95.31 रुपये और नीचे 95.57 रुपये प्रति डॉलर तक गया। अंत में 95.44 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
कच्चे तेल में नरमी से रुपये का समर्थन मिला। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा आज करीब एक प्रतिशत फिसलकर 89 डॉलर प्रति बैरल से नीचे उतर गया। हालांकि दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक में 0.3 प्रतिशत की तेजी ने रुपये की तेजी को सीमित रखा।
