हैदराबाद, 08 सितंबर (वार्ता) तेलंगाना विधानसभा स्पीकर गड्डम प्रसाद कुमार के ख़िलाफ़ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने मंगलवार सुबह भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के एमएलसी टाटा मधु को यहां नए एमएलए क्वार्टर स्थित उनके घर से गिरफ़्तार किया।
एक अन्य बीआरएस एमएलसी , नवीन कुमार रेड्डी को कोकापेट स्थित उनके घर पर हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने स्पीकर प्रसाद कुमार के ओएसडी पोलेपल्ली वेंकटेशम की शिकायत पर टाटा मधु के ख़िलाफ़ अनुसूचित जाति /अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एलएलसी ने स्पीकर के ख़िलाफ़ जातिसूचक और अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया।
यह कार्रवाई सोमवार सुबह विधानसभा परिसर में बीआरएस प्रतिनिधियों और पुलिस के बीच हुई झड़प के बाद हुए विवाद के चलते की गई है। इस दौरान टाटा मधु ने कथित तौर पर स्पीकर के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद विधानसभा में इस मुद्दे पर विशेष चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के साथ-साथ कांग्रेस, भाजपा एआईएमआईएम और सीपीआई के मंत्रियों और विधायकों ने इन टिप्पणियों की निंदा की और बीआरएस विधायक के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग की। चर्चा के दौरान स्पीकर भावुक हो गए और उनकी आँखों से आँसू छलक पड़े।
