
जबलपुर। ठंड का सितम जारी है। मंगलवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शहर शीतलहर की चपेट में रहा। पहाड़ी इलाकों मेें हो रही बर्फबारी से कड़ाके की ठंड का एहसास हो रहा है। धूप खिली रही लेकिन ठंडी हवाएं चल रही थी। शाम को ठंड का असर बढ़ गया। मौसम विभाग की माने तो हवा की दिशा उत्तरी होने के कारण दोनों तापमान सामान्य से कम है। अभी दो तीन दिन न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ, एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में उत्तर पाकिस्तान और निकटवर्ती क्षेत्रों के ऊपर माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर अवस्थित है। उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर 12.6 किमी माध्य समुद्र तल से ऊपर लगभग 240 किमी प्रति घंटे की गति से उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम लगातार प्रभावी बनी हुई है।
ऐसा रहा तापमान
मंगलवार को अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से 3 डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 87 और शाम को 57 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तर-पूर्वी हवाएं चार से पांच किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली।
