
उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शुक्रवार को दिन भर भोपाल में सरकार चला कर शाम को पुत्र विवाह के मद्देनजर उज्जैन पहुंचे, हालांकि वे माता पूजन में शामिल नहीं हो पाए, बावजूद राजधर्म के साथ-साथ मुख्यमंत्री डॉ यादव ने पितृ धर्म भी निभाया।
डॉ यादव ने बेटे की शादी के जरिए समाज को सादगी और समानता का बड़ा संदेश दिया है। उनके छोटे बेटे डॉ. अभिमन्यु यादव, 30 नवंबर 2025 को खरगोन निवासी डॉ. इशिता के साथ विवाह बंधन में बंधेंगे। शुक्रवार की सुबह माता पूजन हुआ, शाम को दूल्हे के पिता मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी आयोजन में शामिल हुए।
यह विवाह किसी भव्य आयोजन की तरह नहीं, बल्कि उज्जैन के शिप्रा तट के पास आयोजित होने वाले एक सामूहिक विवाह सम्मेलन में संपन्न होगा, जहां मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के पुत्र अभिमन्यु के साथ ही उनके साथ 22 अन्य जोड़े भी फेरे लेंगे।
गीता कॉलोनी से माता पूजन
शादी के कार्यक्रमों की शुरुआत शुक्रवार को मुख्यमंत्री के गीता कॉलोनी स्थित निवास पर पारंपरिक माता पूजन से हुई। यह समारोह अत्यंत सरल और आत्मीय रहा, जिसमें केवल करीबी परिजन, पारिवारिक मित्र और स्थानीय भाजपा के कुछ प्रमुख नेता शामिल हुए ।
बड़े बेटे ,पुत्री सहित पूरा परिवार थिरका
मुख्यमंत्री के बड़े बेटे वैभव यादव, बेटी डॉ. आकांक्षा यादव, बड़े भाई नारायण यादव और बहन कलावती यादव सहित सभी ने डीजे और ढोल की धुन पर जमकर नृत्य किया ।
बहन और बेटी तैयारी में जुटे
सीएम की बहन और नगर निगम सभापति, कलावती यादव ने कहा कि यह बाबा महाकाल की कृपा है कि घर में खुशियों का ऐसा सादगी भरा प्रसंग आया है।वहीं, बेटी डॉ. आकांक्षा यादव ने बताया कि उनके पिता मुख्यमंत्री डॉ यादव विवाह तक सभी कार्यक्रमों में मौजूद रहेंगे। प्रथम पूज्य भगवान चिंतामन को विवाह का प्रथम आमंत्रण देने के साथ ही सारी बाकी की तैयारी बड़ी बहन श्रीमती कलावती यादव ने की वहीं सीएम की बेटी डॉ आकांक्षा यादव ने मार्केट से लेकर पारिवारिक तैयारी में हाथ बंटाया।
सामूहिक विवाह का अनूठा निर्णय
मुख्यमंत्री का अपने बेटे का विवाह सामूहिक सम्मेलन में करवाना, सामाजिक समानता और सरकारी योजनाओं के प्रति उनकी आस्था को दर्शाता है। सांवराखेड़ी में 30 नवंबर को होने वाले इस विवाह समारोह के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां चल रही हैं, जहां कुल 22 जोड़े एक साथ नई जिंदगी की शुरुआत करेंगे। यह निर्णय निश्चित रूप से समाज में एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करता है।
