
सिंगरौली। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष यातायात अभियान के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के तीसरे दिन यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले 180 से अधिक वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 90 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना अधिरोपित किया। यह विशेष अभियान पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 26 नवंबर से 10 दिसंबर तक जिले भर में चलाया जा रहा है। जांच के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने पर 100 चालकों से 30 हजार रुपये, बिना वैध बीमा के 5 वाहनों से 5 हजार रुपये तथा बिना एचएसआरपी नंबर प्लेट के 55 वाहनों से 27 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा तेज गति से वाहन चलाने पर एक चालक से 1 हजार रुपये तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 19 मामलों में 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
