
मंदसौर। थाना कोतवाली पुलिस ने कालाखेत क्षेत्र में हुई हत्या की गुत्थी कुछ घंटों में सुलझाते हुए अज्ञात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह भास्कर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर और टीम ने यह सफलता हासिल की।
घटना का विवरण
27 नवंबर की रात करीब 10.30 बजे घायल मुबारिक हुसैन (28), निवासी मदारपुरा को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि कालाखेत स्थित विद्या श्री कलेक्शन दुकान के नीचे सो रहे एक अज्ञात व्यक्ति से मृतक की किसी बात पर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पास में पड़ी फर्शी से वार कर मुबारिक को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मृतक के भाई की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश में 7–8 मोटरसाइकिल पार्टियां, चीता व एफआरवी मोबाइल टीमें लगाईं तथा शहर भर में 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले। निराश्रित लोगों के ठहरने वाले स्थानों पर विशेष तलाश अभियान चलाया गया।
आरोपी गिरफ्तार
तलाश के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी जहूर हुसैन पिता लाल शाह (46), निवासी ग्राम पलसोड़ा, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के पहने हुए कपड़े भी साक्ष्य के रूप में जब्त किए गए। मामले में आगे की जांच जारी है।
टीम का सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौर सहित पुलिस टीम के 20 से अधिक जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
