हरित शहर बनाना हमारा संकल्प: रामनिवास

सिंगरौली। पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को एक सशक्त जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से आज नगर पालिक निगम सिंगरौली द्वारा अमृत हरित महाअभियान का शंखनाद किया गया।

गनियारी मुक्तिधाम परिसर में आयोजित इस वृहद कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, महापौर रानी अग्रवाल, ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, कलेक्टर गौरव बैनल एवं भाजपा जिला अध्यक्ष सुंदरलाल शाह की उपस्थिति में संपन्न हुआ। महाअभियान के प्रथम दिवस गनियारी मुक्तिधाम में आम जनमानस, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं एवं महिलाओं की अभूतपूर्व भागीदारी से 1,500 पौधों का रोपण किया गया। इस महत्वाकांक्षी अभियान के तहत संपूर्ण नगर निगम क्षेत्र में कुल 1 लाख 50 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि औद्योगिक प्रगति के साथ-साथ पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। सिंगरौली को स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए इस महाअभियान में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। महापौर रानी अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम का यह प्रयास सिंगरौली की फिजा को बदलने का कार्य करेगा। हमारा संकल्प केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि जन-जन के सहयोग से शहर के प्रत्येक क्षेत्र को हरा-भरा एवं प्रदूषण मुक्त बनाना है। वहीं ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय ने कहा कि हम सभी पर्यावरण संरक्षण के इस पावन कार्य के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध हैं। इधर कार्यक्रम में कलेक्टर गौरव बैनल एवं ननि आयुक्त ने भी अपना विचार व्यक्त किया। बैठक में जिला अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Next Post

बदनमाड़ा में हुआ सड़क हादसा,युवक की मौत

Thu Jul 9 , 2026
सिंगरौली । जिले में सड़क दुर्घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला बरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम पिड़रवाह का है, जहां गुरुवार की सुबह तेज रफ्तार दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में अरविंद साहू निवासी पिड़रवाह उम्र 28 वर्ष की अस्पताल ले जाते समय मौत […]

You May Like