भागवत सुनाएंगे गीता,महाकाल की नगरी में आज से संघ प्रमुख भागवत का प्रवास

उज्जैन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 17 और 18 सितंबर को उज्जैन प्रवास पर रहेंगे। संघ प्रमुख के दो दिवसीय प्रवास में संगठनात्मक बैठकों के साथ युवाओं से सीधा संवाद प्रमुख कार्यक्रम रहेगा। 17 सितंबर की दोपहर उज्जैन पहुंचने के बाद भागवत कोयला फाटक स्थित मनोरमा महाकाल गार्डन में संघ के पदाधिकारियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल होंगे। यहां संगठनात्मक विषयों पर चर्चा के साथ उनका उद्बोधन होगा। इसके बाद शाम को महाकाल परिसर स्थित अरविंद नगर में उज्जैन महानगर के स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे।

गीता भवन में संबोधन

अगले दिन 18 सितंबर को भागवत देवास रोड स्थित गीता भवन में आयोजित युवा धर्म संसद में शामिल होंगे। सुबह 11 बजे वे देशभर से आए युवाओं से संवाद करेंगे और उनका मार्गदर्शन करेंगे। यह कार्यक्रम सेवाज्ञ संस्थानम् द्वारा 17 से 19 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है। भागवत के कार्यक्रम को लेकर संघ स्तर पर तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

24 राज्यों से 1600 से अधिक युवा जुटेंगे

युवा धर्म संसद में देश के 24 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से 1600 से अधिक युवा, विद्यार्थी, शिक्षक और विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय युवा प्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी आयोजकों ने दी है। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को भारतीय संस्कृति, धर्म, ज्ञान परंपरा, जीवन दृष्टि, चरित्र निर्माण और राष्ट्र के प्रति सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ना है।

तीन दिन चलेगा वैचारिक मंथन

17 से 19 सितंबर तक चलने वाली युवा धर्म संसद में धर्म की व्यापक अवधारणा, चरित्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व, संवाद की संस्कृति, सूचना एवं विचार के संघर्ष, मनुष्य निर्माण में आस्था की भूमिका तथा धर्मस्थलों की भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा होगी। ऋषि और कृषि संस्कृति के माध्यम से मध्यभारत की आजीविका दृष्टि जैसे विषय भी विमर्श का हिस्सा रहेंगे।

संतों और विद्वानों के साथ युवाओं का संवाद

कार्यक्रम में जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि, आचार्य पुण्डरीक गोस्वामी, गीतकार एवं लेखक मनोज मुंतशिर, आईआईएम इंदौर के निदेशक हिमांशु राय और वरिष्ठ पत्रकार विष्णु प्रकाश त्रिपाठी सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े संत, विद्वान और प्रतिष्ठित व्यक्तित्व शामिल होंगे। युवाओं को प्रश्न पूछने और संवाद के माध्यम से अपने विचार रखने का अवसर भी मिलेगा।

19 सितंबर को समापन समारोह, मुख्यमंत्री होंगे मुख्य अतिथि

तीन दिवसीय युवा धर्म संसद का समापन 19 सितंबर को होगा। समापन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री की उपस्थिति की जानकारी आयोजन से जुड़े स्रोतों ने भी साझा की है।

भागवत के प्रवास को लेकर सुरक्षा व्यवस्था

संघ प्रमुख के उज्जैन प्रवास और युवा धर्म संसद में उनकी मौजूदगी को देखते हुए पुलिस-प्रशासन तथा आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों द्वारा सुरक्षा और आवागमन की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कार्यक्रम स्थलों और आवागमन मार्गों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था रखी जा रही है।

Next Post

कर्ज में डूबे पुत्र ने की पिता की हत्या,मोबाइल गेम खेलने की लत से बाजार में हुआ कर्ज, पिता ने खेत बेचकर चुकाया था 12 लाख का कर्ज

Wed Sep 16 , 2026
छिंदवाड़ा/परासिया। उमरेठ थाना क्षेत्र के ग्राम हेटी में मंगलवार की देर रात करीब 1 बजे पारिवारिक विवाद के दौरान एक पुत्र ने कथित रूप से अपने पिता पर हंसिया से हमला कर उनकी हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आए छोटे भाई को भी हंसिया के वार से गंभीर चोटें आई […]

You May Like

मनोरंजन