नागोया, (जापान) 17 सितंबर (वार्ता) चीन के खिलाफ क्वार्टर-फाइनल मैच बारिश के कारण रद्द होने के बाद बंगलादेश ने महिला एशियाई खेल 2026 के सेमीफाइनल में गुरुवार को सीधे जगह बना ली है। यह मैच बिना एक भी गेंद फेंके रद्द कर दिया गया और बंगलादेश को अपनी बेहतर सीडिंग के कारण अगले दौर में प्रवेश मिला। यह मैच एशियाई खेलों का शुरुआती मैच और पहला क्वार्टर-फ़ाइनल था, जिसकी शुरुआत आज हुई। अब बंगलादेश 20 सितंबर को भारत बनाम जापान (चौथे क्वार्टर-फाइनल) के विजेता से भिड़ेगा। मैच में पहले गीले आउटफील्ड की वजह से देरी हुई और आखिरकार टॉस हुए बिना ही इसे रद्द कर दिया गया।
टूर्नामेंट के महिला मुकाबले क्वार्टर-फाइनल से शुरू हुए हैं, जिसमें दो मैच गुरुवार को और दो शुक्रवार को होने हैं। गुरुवार को बाद में पाकिस्तान बनाम थाईलैंड के मैच के बाद, शुक्रवार को भारत बनाम जापान के मुकाबले से पहले मलेशिया बनाम श्रीलंका का मैच होगा। दोनों सेमी-फाइनल 20 सितंबर को और फाइनल 22 सितंबर को होने हैं। सभी मैच जापान के नागोया के बाहरी इलाके निशिन में कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जाएंगे। पुरुषों का टूर्नामेंट 24 सितंबर से शुरू होगा।

