महंगाई घटने से चढ़ा बाजार

मुंबई, 14 मई (वार्ता) देश में इस वर्ष अप्रैल में खुदरा और थोक महंगाई घटने से भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के नीतिगत दरों में और कटौती करने की उम्मीद बढ़ने से उत्साहित निवेशकों की चौतरफा लिवाली की बदौलत आज शेयर बाजार मजबूती के साथ बंद हुआ।

बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 182.34 अंक छलांग लगाकर 81,330.56 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 88.55 अंक की बढ़ोतरी लेकर 24666.90 अंक पर पहुंच गया। इसी तरह बीएसई का मिडकैप 1.19 प्रतिशत उछलकर 44,327.28 अंक और स्मॉलकैप 1.63 प्रतिशत की तेजी के साथ 49,978.95 अंक हो गया।

इस दौरान बीएसई में कुल 4125 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2855 में लिवाली जबकि 1121 में बिकवाली हुई वहीं 149 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह एनएसई में कारोबार के लिए कुल 2960 कंपनियों के शेयर रखें गए। इनमें से 2183 तेजी जबकि 694 गिरावट रही वहीं 83 के भाव स्थिर रहे।

अनाज और शाक-सब्जियों की कीमतों में नरमी के कारण भारत में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) आधारित खुदरा महंगाई इस वर्ष अप्रैल में गिरकर 3.16 प्रतिशत पर आ गयी। इससे पिछले महीने मार्च में खुदरा मुद्रास्फीति 3.34 प्रतिशत और पिछले साल अप्रैल में 4.83 प्रतिशत रही थी। इसी तरह खाद्य पदार्थों की कीमतों में गिरावट और ईंधन की दरों में नरमी से अप्रैल में देश की थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) आधारित थोक महंगाई मार्च के 2.05 प्रतिशत घटकर तेरह माह के निचले स्तर 0.85 पर आ गई। निवेशकों को महंगाई में गिरावट से आरबीआई की अगली मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक में ब्याज दरों में कटौती किए जाने की उम्मीद बढ़ गई है।

इससे बीएसई में बैंकिंग की 0.34 प्रतिशत की गिरावट को छोड़कर अन्य 20 समूहों में लिवाली का ज़ोर रहा। इस दौरान धातु 2.46, कमोडिटीज 1.49, सीडी 0.77, ऊर्जा 1.23, एफएमसीजी 0.16, वित्तीय सेवाएं 0.10, हेल्थकेयर 0.63, इंडस्ट्रियल्स 1.73, आईटी 1.37, दूरसंचार 1.14, यूटिलिटीज 0.19, ऑटो 0.86, कैपिटल गुड्स 1.49, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.16, तेल एवं गैस 1.46, पावर 0.73, रियल्टी 1.71, टेक 1.20, सर्विसेज 0.37 और फोकस्ड आईटी समूह के शेयर 1.38 प्रतिशत उछल गए।

विश्व बाजार में मिलाजुअल रुख रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफटीएसई 0.53, जर्मनी का डैक्स 0.49 और जापान का निक्केई 0.14 प्रतिशत लुढ़क गया। वहीं, हांगकांग का हैंगसेंग 2.30 और चीन का शंघाई कम्पोजिट 0.86 प्रतिशत चढ़ गया।

Next Post

खाद्य तेलों में टिकाव; दालें महंगी

Wed May 14 , 2025
नई दिल्ली 14 मई (वार्ता) विदेशी बाजारों के मिलेजुले रुख के बीच स्थानीय स्तर पर उठाव सुस्त रहने से आज दिल्ली थोक जिंस बाजार में खाद्य तेलों में टिकाव रहा जबकि मांग निकालने से दालें महंगी हो गईं वहीं अन्य जिंसों के भाव स्थिर रहे। तेल-तिलहन : वैश्विक स्तर पर […]

You May Like