एकतरफा प्यार में हुई थी महाराष्ट्र के युवक की बेरहमी से हत्या, माता-पिता और बेटी ने खेत में गाड़ा शव

बैतूल। भैंसदेही थाना क्षेत्र में एकतरफा प्रेम प्रसंग के चलते महाराष्ट्र निवासी युवक की बेरहमी से हत्या कर शव खेत में दफनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

पुलिस ने अंधे कत्ल का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए महिला सहित उसके माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार 14 फरवरी को ग्राम कोडिया में एक संदिग्ध मोटरसाइकिल स्थानीय निवासी विसराम साल्वे के घर के सामने मिली। पूछताछ के दौरान उसकी पत्नी सोनाय साल्वे ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया और बार-बार बयान बदलती रही, जिससे पुलिस का संदेह गहरा गया।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस पुराने खेत तक पहुंची, जहां सख्ती से पूछताछ करने पर सोनाय साल्वे ने सच्चाई स्वीकार की। उसने बताया कि महाराष्ट्र निवासी शिवम धुर्वे उसकी पुत्री सुमित्रा मौसिक से मिलने आया था। इसी दौरान विवाद हुआ और सुमित्रा, उसके पिता विसराम साल्वे तथा माता सोनाय साल्वे ने मिलकर शिवम के साथ मारपीट की।

आरोपियों ने शिवम के हाथ-पैर बांधकर उसे जंगल स्थित खेत में ले जाकर बेरहमी से पीटा। इस दौरान विसराम साल्वे ने पत्थर पटककर और डंडों से वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद 13 फरवरी की सुबह आरोपियों ने शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया, ताकि अपराध छुपाया जा सके।

पुलिस ने एसडीएम की मौजूदगी में वैधानिक प्रक्रिया के तहत उत्खनन कराया और करीब 25 से 30 वर्षीय युवक का शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसदेही की मर्चुरी में रखा गया।

इस मामले में थाना भैंसदेही में अपराध दर्ज कर 16 फरवरी को सुमित्रा मौसिक, उसके पिता विसराम साल्वे और माता सोनाय साल्वे को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया है और उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक शिवम धुर्वे सुमित्रा को लगातार परेशान कर रहा था और उसे मिलने के लिए दबाव बना रहा था। इससे परेशान होकर सुमित्रा ने उसे अपने मायके ग्राम कौड़िया बुलाया, जहां माता-पिता के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।

Next Post

44वीं अखिल भारतीय पुलिस अश्वारोही प्रतियोगिता एवं माउंटेड पुलिस ड्यूटी मीट का शुभारम्भ

Mon Feb 16 , 2026
ग्वालियर। सीमा सुरक्षा बल अकादमी टेकनपुर के लाल बहादुर शास्त्री खेल मैदान पर 44वीं अखिल भारतीय पुलिस अश्वारोही प्रतियोगिता एवं माउंटेड पुलिस ड्यूटी मीट का शुभारंम्भ महानिदेशक बीएसएफ प्रवीण कुमार ने किया। इस स्पर्धा में लगभग 19 पुलिस एवं अर्ध सैनिक बल सहित पुलिस प्रशिक्षण अकादमी की टीमें भाग ले […]

You May Like