नयी दिल्ली, 16 फरवरी (वार्ता) कांग्रेस सांसद शशि थरुर ने अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा की तारीफ की है और कहा है कि एक दशक बाद उनसे (प्रियंका) से मिलकर अच्छा लगा और यह देखकर तथा सुनकर और अच्छा लगा कि वह कमाल का काम कर रही हैं। गौरतलब है कि श्री थरूर हार्वर्ड इंडिया के सालाना समारोह में पहुंचे थे, जहां प्रियंका चोपड़ा के साथ उनकी मुलाकात हुई। इस सम्मेलन में भारतीय उद्यमी, नीति निर्माता और संस्कृति से जुड़ी कई हस्तियां शामिल हुईं। श्री थरूर और प्रियंका चोपड़े इस समारोह के मुख्य वक्ताओं में शामिल थे। इस दौरान दोनों की मुलाकात और उनके हाव-भाव ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। श्री थरूर ने सोशल मीडिया एक्स पर इस पल को शेयर किया और प्रियंका की तारीफ करते हुए लिखा, , “हार्वर्ड इंडिया सम्मेलन के समापन समारोह के दौरान प्रियंका चोपड़ा से मुलाकात हुई। यह देख कर अच्छा लगा कि वह अच्छा कर रही हैं! उन्होंने एक ऐसे स्टेज पर पहुँचकर इंडिया को गर्व महसूस कराया है, जिस पर भारतीयों को बहुत कम मौका मिलता है। हाँ, वह बहुत खूबसूरत लग रही हैं, और समझदार दिख रही हैं। ”
वहीं, प्रियंका चोपड़ा ने प्यार से जवाब देते हुए श्री थरुर का शुक्रिया अदा किया और कहा, “शशि थरूर सर, आपसे दोबारा मिलकर बहुत अच्छा लगा। आप जैसे वक्ताओं की हमेशा से मैं तारीफ करती हूं और आपकी शाबाशी के लिए शुक्रिया। मेरे पैनल में रुकने और अपनी समझदारी को साझा करने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। उम्मीद है आप जल्द ही बेहतर महसूस करेंगे और हमारी राहें फिर से मिलेंगी।” इस दौरान प्रियंका चोपड़ा ने अमेरिका में अपने शुरुआती सालों और अनुभवों के बारे में बताया। उन्होंने कहा, “आपकी ज़िंदगी इच्छा और अनुभवों का योग होती है। मेरा उस छोटी उम्र में अमेरिका जाना, वह मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण समय था। कम उम्र में मिले अनुभव आपको परिपक्व बनाते हैं। आप उन चीज़ों को चुनते हैं जो आपके लिए काम करती हैं, जो आपके काम आती हैं। मैंने वह समय अमेरिका में बिताया। इसने निश्चित रूप से मुझे परिभाषित किया, मुझे आत्मनिर्भर बनाया।”
इस सम्मेलन में तकनीक, वित्त , साहित्य और खेल जगत से जुड़े वक्ता शामिल हुए, जिनमें बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु जैसे जाने-माने लोग शामिल थे। अब बात अगर प्रियंका चोपड़ा के वर्क फ्रंट की करें, तो प्रियंका एसएस राजामौली द्वारा निर्देशित वाराणसी के साथ भारतीय सिनेमा में एक बार फिर से वापसी करने के लिए तैयार हैं। इस फिल्म में दक्षिण भारत के स्टार अभिनेता महेश बाबू और पृथ्वीराज प्रियंका चोपड़ा के को-स्टार हैं। वह आगामी ओटीटी रिलीज ‘द ब्लफ’ में भी दिखाई देंगी।

