सिरसा, (वार्ता) हरियाणा में खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ (पुरूष व महिला) का आयोजन करेगा। इसके अंतर्गत 26 खेलों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी जिसके लिए जिला स्तर पर ट्रायल करवाए जाएंगे।
जिला खेल अधिकारी जगदीप ने बताया कि चार जुलाई को शहीद भगत सिंह स्टेडियम में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, मुक्केबाजी, फेंसिंग, हॉकी, जूडो, टेनिस, वॉलीबॉल, ताइक्वांडो, क्रिकेट के ट्रायल होंगे। इसी दिन जिम्नास्टिक के लिए चौ. दलबीर सिंह इंडोर स्टेडियम सिरसा में, तैराकी के लिए शाह सतनाम जी स्विमिंग पूल सिरसा तथा हैंडबॉल के लिए राजकीय नेशनल महाविद्यालय में ट्रायल होंगे।
उन्होंने बताया कि पांच जुलाई को बैडमिंटन ट्रायल का आयोजन सिरसा क्लब में किया जाएगा, जबकि बास्केटबॉल, साइक्लिंग, कयाकिंग एवं केनोइंग, कबड्डी, खो-खो, कुश्ती, रोइंग, टेबल टेनिस, वेटलिफ्टिंग के ट्रायल शहीद भगत सिंह स्टेडियम, सिरसा में होंगे। उन्होंने बताया कि पांच जुलाई को ही नेटबॉल के लिए खंड रानियां के गांव फतेहपुरिया में तथा फुटबॉल के लिए द सिरसा स्कूल, बरनाला रोड में ट्रायल होगा। इसके अलावा 11 जुलाई को शूटिंग के लिए पी.एम. शूटिंग एरीना में ट्रायल होगा।
उन्होंने बताया कि खिलाड़ी अपने साथ आधार कार्ड, हरियाणा निवास प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र की दो-दो फोटो प्रति तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो लेकर आएं।
