नई दिल्ली। एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने सरोजिनी नगर स्थित भारत बिजनेस पार्क (BBP) के दो टावरों के आवंटन पत्र और विक्रय समझौते के दस्तावेज एसबीईआर इंडिया को सौंप दिए हैं। दोनों टावरों का कुल सुपर बिल्ट-अप क्षेत्र करीब 5.17 लाख वर्गफुट और बिक्री मूल्य ₹2,000 करोड़ से अधिक है। अप्रैल 2026 में हुई प्रतिस्पर्धी ई-नीलामी में एसबीईआर इंडिया ने इन्हें खरीदा था और वह परियोजना का सबसे बड़ा एकल खरीदार बना है।
एनबीसीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. के.पी. महादेवस्वामी ने 23 सितंबर को नई दिल्ली स्थित कॉरपोरेट मुख्यालय में एसबीईआर इंडिया के उप प्रबंध निदेशक इगोर शिश्किन को दस्तावेज सौंपे। एसबीईआर इंडिया ने नई दिल्ली में रशियन बिजनेस सेंटर स्थापित करने की योजना भी बताई है। यह केंद्र भारत में काम कर रही रूसी कंपनियों को बैंकिंग, कानूनी, कर और ऑडिट सेवाओं में सहयोग देगा।
एनबीसीसी के अनुसार, भारत बिजनेस पार्क के सभी 8 टावरों की बिक्री पूरी हो चुकी है। करीब 23.44 लाख वर्गफुट क्षेत्रफल वाले इस प्रोजेक्ट से लगभग ₹10,000 करोड़ की राशि प्राप्त हुई है। अन्य खरीदारों में आईआरसीटीसी, GeM, बीपीसीएल, आरवीएनएल और नेशनल लैंड मोनेटाइजेशन कॉरपोरेशन शामिल हैं। परियोजना के 2028 तक पूरा होने की उम्मीद है।