भोपाल:सीएम डॉ मोहन यादव ने प्रशासनिक सख्ती दिखाते हुए वल्लभ भवन में अधिकारियों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए छापामार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्यालयों में अनुशासन और समयपालन से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।सीएम के निर्देशानुसार आज सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक वल्लभ भवन, विंध्याचल एवं सतपुड़ा स्थित तीनों मंत्रालयीन कार्यालयों में अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति, आने-जाने का समय तथा अनधिकृत अनुपस्थिति की जानकारी संकलित की जा रही है।
हालांकि मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव आज भोपाल से बाहर दौरे पर हैं, फिर भी मुख्यमंत्री सचिवालय और सामान्य प्रशासन विभाग को सख्ती से मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं।
सामान्य प्रशासन विभाग ने इसके लिए विशेष टीमों का गठन कर उन्हें संबंधित कार्यालयों में तैनात कर दिया है। वरिष्ठ अधिकारियों को भी इस कार्रवाई की सूचना दे दी गई है। माना जा रहा है कि इस कदम से मंत्रालयीन कार्यप्रणाली में अनुशासन और जवाबदेही और मजबूत होगी।
