रियो डि जनेरियो, (वार्ता) ब्राजील के दिग्गज फुटबॉलर तथा लिवरपूल और बार्सिलोना के पूर्व मिडफील्डर फिलिप कौटिन्हो अपने पुराने दोस्त और हमवतन नेमार जूनियर के साथ खेलने के लिए ब्राजीलियाई फुटबॉल क्लब सांतोस में शामिल होने जा रहे हैं। नेमार ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करके इस बात की पुष्टि की। वीडियो में दोनों खिलाड़ियों को फुटबॉल क्लब सांतोस के लॉकर रूम में गले मिलते हुए देखा जा सकता है। पोस्ट में नेमार ने कहा, “स्वागत है। खुश रहो। मैं तुम्हें गले लगाने और तुम्हारा ख्याल रखने आया हूं।”
34 वर्षीय कौटिन्हो फरवरी में मानसिक थकान का हवाला देते हुए वास्को डी गामा से अलग होने के बाद से बिना किसी क्लब के थे।
स्थानीय मीडिया के अनुसार मिडफील्डर ने मेडिकल पूरा कर लिया है और उम्मीद है कि सांतोस आने वाले दिनों में उन्हें फ्री एजेंट के तौर पर साइन करने की घोषणा करेगा।
कौटिन्हो और नेमार पहले भी ब्राजील के लिए यूथ और सीनियर दोनों स्तरों पर एक साथ खेल चुके हैं, जिसमें रूस में 2018 फीफा विश्व कप भी शामिल है।
