नर्मदापुरम। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नर्मदा आह्वान सेवा समिति द्वारा विराट काव्य महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीनारायण खंडेलवाल तथा अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार गिरिमोहन गुरु ने की। विशिष्ट अतिथियों में समाजसेवी रामभरोस महाते, हंस राय, नरेंद्र पटैल, वंदना चुटीले और पार्षद रेखा यादव उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत माता सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्वलन से हुई। समिति संस्थापक केप्टन किशोर करैया, कार्यक्रम संयोजक रामेश्वर यादव, नवीन हरियाले, सावन कुमार और सुनील भिलाला ने अतिथियों का शाल, श्रीफल व पुष्पहार से अभिनंदन किया। स्वागत भाषण रामेश्वर यादव ने दिया।
काव्य महोत्सव की शुरुआत रेखा कापसे की सरस्वती वंदना से हुई और कवि सम्मेलन देर रात तक चला। नर्मदांचल के 18 कवियों ने गीत, ग़ज़ल, हास्य, व्यंग्य और ओजस्वी काव्य प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कवि महेश मूलचंदानी, बलराम शर्मा, सावन कुमार, सुनील भिलाला, रामेश्वर यादव, नवीन हरियाले, राज गुर्जर, गौरव बरखने, प्रदुम हरियाले, मंगला केवट, दीपक गौर, रुपेंद्र गौर, शिवा यादव, हनीफ खान, कंचन यादव और अन्य ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को गुदगुदाया और मंत्रमुग्ध किया।
काव्यपाठ उपरांत सभी कवियों को अतिथियों की उपस्थिति में प्रशस्तिपत्र व पुष्पमालाओं से सम्मानित किया गया। संचालन सुभाष यादव ने किया तथा आभार प्रदर्शन केप्टन करैया ने किया।
